नई दिल्ली: सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं को हर एक इंसान तक पहुंचाने के मकसद से गया जिले में चरणबद्ध अभियान क्रियान्वित है। ज़िला पदाधिकारी, गया, डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी पदाधिकारियों को कहा कि आप सभी का दायित्व है कि इन सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुचांये।
‘महादलित टोला- समग्र उत्थान’ नामक कार्यक्रम को गया जिले में पिछले वर्ष से डीएम ने प्रारंभ करवाया था, ताकि वैसे वंचित या छूटे हुए महादलित बस्ती के लोगो को लाभ पहुचांया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए महादलित टोला की सूची के अनुसार टोलों का चयन किया गया है। ज़िले के सभी प्रखंडों में कैम्प के माध्यम से महादलित टोला के व्यक्तियों को चयन कर उन व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि पर्चा इत्यादि योजनाओं का शत-प्रतिशत अच्छादित करवाने का उद्देश्य है।
अब तक 7 चरण में कैम्प लगा कर महादलित बस्तियों के लोगो के बीच सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराया गया है। प्रत्येक चरण में 1 प्रखंड में 5 महादलित टोला लिया जाता है, उस प्रकार 24 प्रखंड में 24×5=120 महादलित टोला को सूचीबद्ध किया गया है।
इसी प्रकार कुल 7 चरण में 7×120= 840 महादलित टोला को सूचीबद्ध किया गया है, जहां संबंधित पदाधिकारियों द्वारा योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया। जिले के 24 प्रखंड में अब तक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 23141 लोगों को लाभान्वित किया गया है।
10719 लोगों को राशन कार्ड से लाभान्वित किया गया है। यह सभी परिवार अब तौर से अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली विक्रेता से अनाज उठाव कर रहे हैं। 2049 लोगों को सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन लाभ दिलवाने का कार्य किया गया है। 19 लोगों को परवरिश योजना का लाभ दिया गया है।
2029 भूमिहीन लोगों को वासभूमि दिलवाले का कार्य किया गया है। महादलित समग्र उत्थान के अलावा भी जिला पदाधिकारी ने जिले में महादलित बस्तियों के अलावा अन्य टोलों के लोगों को जो पात्रता रखते हैं उन्हें खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड से जोड़ते हुए खाद्यान्न उठाव का लाभ दिलवाया जा रहा है।







