छपरा : सर्दी का मौसम चल रहा, ऐसे में ट्रेनें लेट होना कोई बड़ी बात नहीं है। इसी बीच रेलवे से जुड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हुआ यूं कि एक मालगाड़ी के 32 डिब्बे रास्ते में ही छूट गए और ड्राइवर को करीब 10 किलोमीटर आगे जाने पर इस बात का पता चला। जिसके बाद तो उसके होश ही उड़ गए। अब आप सोच सकते हैं ऐसी लापरवाही कितने बड़े हादसे की वजह बन सकती थी। हालांकि, गनीमत रही कोई बड़ी घटना नहीं हुई। अगर पीछे से कोई ट्रेन आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ये पूरा मामला छपरा में सामने आया।
बताया जा रहा कि छपरा के बड़ा गोपाल स्टेशन के पास मालगाड़ी का कपलिंग टूटने से इंजन सहित 9 डिब्बे गोल्डेनगंज स्टेशन पर पहुंच गए। वहीं इस मालगाड़ी के पीछे के 32 बोगी बड़ा गोपाल स्टेशन पर ही रह गए। ट्रेन लगभग 10 किलोमीटर आगे निकल गई। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी बड़ागोपाल स्टेशन से छपरा की ओर जाने के लिए खुली थी तभी ये पूरा घटनाक्रम हुआ।
मालगाड़ी की 32 बोगियां बड़ा गोपाल स्टेशन पर रह गई। 9 बोगी गोल्डन गंज स्टेशन पहुंच गई। जब ड्राइवर को इसका एहसास हुआ तब ट्रेन को रोका गया। लोगों का कहना है कि इस घटना से बड़ा हादसा भी हो सकता था। हालांकि, गनीमत है कि कुछ हुआ है। अगर पीछे से कोई ट्रेन आ जाती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। वहीं इस मामले में रेलवे ने अभी तक कोई भी बयान जारी नहीं किया है।







