ऋषिकेश। रानीपोखरी के ग्रामीणों का राजकीय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या के स्थानांतरण की मांग को लेकर शनिवार को पांचवें दिन भी धरना जारी रहा। पांचवें दिन जिला शिक्षाधिकारी ने धरनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया। शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रानीपोखरी में ग्रामीणों ने पांचवें दिन भी धरना दिया। उन्होंने विद्यालय में तैनात प्रधानाचार्या पर अभिभावकों संग अभद्र व्यवहार करने व स्कूल में उचित व्यवस्थाएं नहीं बनाने का आरोप लगाया। कहा कि जब तक प्रधानाचार्या का अन्यत्र स्थानांतरण नहीं हो जाता, ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान जिला शिक्षाधिकारी सुदर्शन सिंह बिष्ट धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि प्रधानाचार्या से संबंधित मामले की जांच रिपोर्ट शासन को कार्रवाई हेतु भेजी गई है। उन्होंने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन भी दिया। डीईओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना स्थगित करने संबंधित मामले पर रविवार को विचार करने की बात कही।







