नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ी संख्या में AAP समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवा दिए हैं। जिनमें से अधिकतर मतदाता ‘आप’ समर्थक हैं। हालांकि जवाब में भाजपा ने भी दो वीडियो जारी करते हुए दिल्ली की AAP सरकार पर लाखों फर्जी मतदाताओं के नाम शहर की मतदाता सूची में जुड़वाने का आरोप लगाया। अपने आरोपों को साबित करने के लिए पार्टी ने दो वीडियो भी अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किए।
इस बारे में जानकारी देते हुए पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा। ‘दिल्ली भाजपा ने दो वीडियो जारी करके आम आदमी पार्टी द्वारा वोटर लिस्ट में की जा रही धांधली का किया पर्दाफाश।’
त्रिलोकपुरी विधानसभा का है पहला वीडियो
पार्टी ने जो वीडियो जारी किए इनमें से पहला वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘आम आदमी पार्टी की खतरनाक साज़िश का हुआ पर्दाफ़ाश।’ इस वीडियो में एक भाजपा नेता जनसम्पर्क अभियान के तहत त्रिलोकपुरी विधानसभा के न्यू अशोक नगर वार्ड में पहुंचे, जहां उन्होंने एक बिल्डिंग B-174 दिखाई ,जिसमें सभी किरायेदार रहते हैं। उन्होंने बताया कि इस बिल्डिंग में एक कमरा है, जिसमें यूं तो कोई नहीं रहता है, लेकिन इस कमरे के पते पर कुल 38 वोट दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी वोटर मुस्लिम समुदाय के हैं और मूल रूप से ये सभी लोग यूपी में रहते हैं, लेकिन वोट वाले दिन यहां आकर वोट डाल जाते हैं। आगे उन्होंने कहा ये तो सिर्फ एक बूथ की बात है, दिल्ली सरकार ने ना जाने ऐसे कितने बूथों पर एक विशेष समुदाय के बाहरी लोगों को फर्जी तरीक़े से पूरी दिल्ली में सिर्फ़ अपने वोट बैंक के इस्तेमाल के लिए वोटर बना रखा है।
दूसरा वीडियो मोती नगर विधानसभा क्षेत्र का
इसके अलावा भाजपा ने जो दूसरा वीडियो जारी किया, उसे शेयर करते हुए पार्टी ने लिखा, ‘केजरीवाल दिल्ली में कर रहे हैं लाखों वोटों का उलटफेर। AAP का हुआ पर्दाफाश।’ इस वीडियो में एक भाजपा नेता मोती नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 89 करमपुरा में पहुंचे। उन्होंने बताया कि यहां मकान नंबर टी-82 है, जहां पर कोई मकान या झुग्गी तक नहीं बनी हुई है, इसके बावजूद इस पते के नाम पर 26 वोट दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 से इतने फर्जी वोट बनाए गए हैं, कि जिसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। लोग यहां पर सिर्फ फर्जी वोट डालने आते हैं।
उधर फर्जी वोटर संबंधी वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव ने कहा, ‘2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में जो फर्जी वोट डालना चाह रहे हों याद रखें कि चुनाव नियम 172 BNS के अंतर्गत फर्जी वोट डालने पर एक साल के कठोर कारावास का प्रावधान है। फर्जी रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के वोट पकड़े जाने से केजरीवाल डर गए हैं और अभी से उन्हें हार का डर सताने लगा है। दिल्ली में हर चुनाव से पहले फर्जी वोट बनाने के आवेदन आते हैं, इस बार भी मई से लेकर 30 नवंबर तक 5,33,778 नए वोट बनाने के आवेदन आए हैं जो स्तब्ध करते हैं, पुराना अनुभव है इसमे फर्जी आवेदन भी हो सकते हैं। मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना SDM और DM को फर्जी वोट काटने से रोकने के लिए धमकी देना बंद करें। अरविंद केजरीवाल चाहे जो कर लें लेकिन भाजपा इस बार दिल्ली में कोई भी फर्जी वोट नहीं पड़ने देगी।’
वहीं इस मामले को लेकर नई दिल्ली सीट से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, ‘वोट काटने के लिए हम एप्लीकेशन देते हैं उसके साथ दस्तावेज भी देना पड़ता है और हर एप्लीकेशन पर ARO और ERO स्वयं पर्सनली वेरीफिकेशन करते हैं और संबंधित व्यक्ति को नोटिस देकर अपनी बात रखने का मौका देते हैं। वोटर लिस्ट को लेकर एक महीने की एक विशेष समरी रिवीजन प्रक्रिया 28 अक्टूबर 2024 से लेकर 29 नवंबर 2024 तक पूरे भारत में चलाई गई है जिसके अंतर्गत ही वोट बनाने-काटने के बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं।’
इससे पहले केजरीवाल के आरोपों का जवाब देते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बतायाा था, ‘मई से लेकर 30 नवंबर तक दिल्ली में नए वोटर बनाने के 5 लाख 33 हजार 768 आवेदन आए हैं। यानी 7 महीने में साढ़े पांच लाख से ज्यादा वोटर बनाने के आवेदन आए हैं। ये बहुत सोची समझी साजिश है, जो 2014 से चल रही है। मई 2014 से मई 2015 तक जब दिल्ली में केजरीवाल चुनाव जीते, इस दौरान दिल्ली में 13 लाख नए वोटर बने। इसके बाद फिर 2019 से जनवरी 2020 तक 10 लाख वोट अचानक बढ़ जाते हैं। और अब 2024 में चुनाव आ रहा है तो साढ़े 5 लाख वोटर्स का आवेदन आता है।’







