नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों का नाम शॉर्टलिस्टेड कर लिया है। संभावना है कि पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि उम्मीदवारों की पहली सूची के साथ ही बीजेपी दिल्ली के लिए अपना संकल्प पत्र भी ला सकती है।
इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि भाजपा की दिल्ली चुनाव समिति की बैठक में कई सर्वेक्षणों के बाद दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक पर संभावित उम्मीदवारों के रूप में दो से तीन नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। रायशुमारी के दौरान पार्टी के कैडर द्वारा दिए गए सुझावों पर चर्चा और राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त भाजपा नेताओं की अध्यक्षता में परामर्श करने के बाद गुरुवार शाम को उम्मीदवारों के नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
इससे पहले राज्य चुनाव समिति की गुरुवार को पहली बैठक हुई। बैठक में दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक पर चर्चा की गई। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व वाली कोर कमेटी की शुक्रवार या शनिवार को बैठक होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में सप्ताह के अंत में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उन नेताओं की उम्मीदवारी पर भी फैसला ले लिया जाएगा, जो आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अन्य दलों से भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी के उम्मीदवारों की पहली सूची इस सप्ताहांत के दौरान या उससे थोड़ी देर बाद घोषित होने की संभावना है।
सूत्रों ने कहा कि भाजपा की राज्य इकाई भी अपने राष्ट्रीय नेतृत्व से दिल्ली में आप की मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना का मुकाबला करने के लिए महाराष्ट्र की लड़की बहिन और मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना जैसी एक योजना की उम्मीद कर रही है। दिल्ली चुनावों के लिए पार्टी का संल्प पत्र उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा करने के समय ही किए जाने की संभावना है।
बता दें कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अध्यक्षता में भाजपा ने बुधवार को संभावित उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग के लिए 21 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति की घोषणा की थी। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, वहीं कांग्रेस ने भी 21 सीटों पर अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है।







