नई दिल्ली: छठ महापर्व के अवसर पर दिल्ली को 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट की सौगात मिलने जा रही है. शालीमार बाग स्थित मुनक नहर के दोनों किनारों पर विकसित किए गए इस घाट का 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन उद्घाटन करेंगे. सिंगलपुर गांव के पास लेबर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे.
दिल्ली सरकार के मुताबिक, यह राजधानी का सबसे लंबा छठ घाट होगा. करीब दो दशक से उपेक्षा का शिकार रही मुनक नहर के आसपास सफाई और विकास के लिए व्यापक अभियान चलाया गया. इस दौरान झाड़ियों, गंदगी, अतिक्रमण और मलबे को हटाया गया. सरकार का दावा है कि अभियान के तहत करीब 1,400 ट्रक कचरा और मलबा बाहर निकाला गया, जिसके बाद नहर के दोनों किनारों की तस्वीर बदल गई.
श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का इंतजाम
छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नहर के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां और सीमेंट की सड़कें बनाई गई हैं. श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट, रोशनी और सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जा रही है. बैठने के लिए बेंच लगाने और आसपास हरियाली विकसित करने की भी योजना है. नहर में स्वच्छ पानी के प्रवाह के साथ अलग-अलग स्थानों पर फव्वारे लगाए जाएंगे. दोनों किनारों के बीच आवाजाही सुगम बनाने के लिए तीन पुल भी बनाए जा रहे हैं.
पांच विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
इस परियोजना से शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, आदर्श नगर और बादली विधानसभा क्षेत्रों के हजारों परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है. खासतौर पर पूर्वांचल से जुड़े परिवारों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा होगी. इस साल पूरे 11 किलोमीटर क्षेत्र में छठ पूजा के आयोजन की व्यवस्था की गई है. परियोजना के बाकी विकास कार्य अगले दो से तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर वर्षों से कायाकल्प का इंतजार कर रही थी. सरकार ने एक साल में इसकी तस्वीर बदलने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों की आस्था, परंपरा और भावनाओं का सम्मान है. सरकार का उद्देश्य छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है. भविष्य में इस क्षेत्र को हरियाली और मनोरंजन से जुड़े सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित किया जाएगा, ताकि लोग यहां परिवार के साथ समय बिता सकें.







