नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल के सामने उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने आप सीएम आतिशी और सांसद संजय सिंह के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की कसम खाई है। आप ने अपने आरोपों में दावा किया कि संदीप दीक्षित ने भाजपा से पैसे लिए हैं। जिसके बाद मंगलवार (31 दिसंबर) को संदीप दीक्षित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि वह सीएम आतिशी और आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
नई दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि, ‘5-6 दिन पहले दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा कि मैं भाजपा से बहुत बड़ी रकम ले रहा हूं। पिछले 10-12 सालों से वे कांग्रेस, मुझे और मेरे परिवार को निशाना बना रहे हैं। मेरे पास पिछले 10-12 सालों से आप से पूछने के लिए कई सवाल हैं।’
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संदीप दीक्षित ने साधा निशाना
उन्होंने आगे कहा कि,”वे (अरविंद केजरीवाल) शीला दीक्षित सरकार के खिलाफ 360 पन्नों के सबूत लेकर घूमते थे। भाजपा के विजय कुमार मल्होत्रा ने मुझे बताया कि सीएम बनने के बाद भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल अरविंद केजरीवाल से मिला और सबूत मांगा। अरविंद केजरीवाल ने 360 अखबारों की कटिंग दिखाईं। वे पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने सबूत के तौर पर अखबारों की कटिंग दी।”







