लखनऊ. अफसरों के बार दिल्ली दौड़ लगाने से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई है. साथ ही हिदायत दे डाली है कि आगे से अगर दिल्ली जाना है तो पहले परमिशन लेनी होगी. मुख्यमंत्री ने साफ़ कहा है कि मुख्यालय छोड़ने से पहले सीएम ऑफिस को जानकारी देनी होगी और अनुमति मिलने पर ही मुख्यालय छोड़ना होगा.
दरअसल, सोमवार को मंत्रियों के साथ विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान कई अफसर नदारद थे. मुख्यमंत्री ने जब जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि वे दिल्ली गए हुए हैं, जिस पर सीएम योगी ने सख्त ऐतराज जताया और कहा कि आगे से बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की इजाजत नहीं होगी. साथ ही मुख्यमंत्री ने गन्ना, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा न होने पर असंतोष जताया और कहा कि सभी जिलों के प्रभारी मंत्री अपने अपने जिलों की नियमित रूप से समीक्षा करें.
महाकुंभ की सफलता को जनता के बीच लेकर जाएं
मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों को कहा कि वे महाकुंभ की सफलता को लेकर जनता के बीच जाएं. वे लोगों को वीडियो दिखाएं और बताएं कि किस तरह से इतना बड़ा सफल आयोजन किया गया. साथ ही 25 मार्च को सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है, ऐसे में जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनें और निस्तारण करें। साथ ही सरकार की उपलब्धियों को भी जनता तक पहुंचाया जाये.







