नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जहां एक ओर पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं, वहीं उत्तर और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 14 मार्च को जारी अपनी रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक ओडिशा, विदर्भ, झारखंड, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में लू का असर रहेगा, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
गर्म हवाओं की चपेट में कई राज्य
मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा में 14 से 17 मार्च, विदर्भ में 14 से 16 मार्च, झारखंड में 14 से 17 मार्च और गंगीय पश्चिम बंगाल में 15 से 17 मार्च तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इसके अलावा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 14 और 15 मार्च को लू चलने की चेतावनी दी गई है। गुजरात के कुछ इलाकों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।
उत्तर भारत और पूर्वोत्तर में भारी बारिश और बर्फबारी
वहीं दूसरी ओर, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 14 से 16 मार्च के बीच भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 14 और 15 मार्च को भारी बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 15 और 16 मार्च को भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम खराब रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश में 14 से 18 मार्च के बीच भारी बारिश हो सकती है, जबकि असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 से 17 मार्च के दौरान आंधी और बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदलाव के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग ने 14 मार्च को हल्की बारिश और गरज के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके अलावा, 15 और 16 मार्च को बादल छाए रहने और बूंदाबांदी हो सकती है। दिल्ली में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।







