पंजाब डेस्क/अमृतसर: 27 मई को अमृतसर के मजीठा रोड बाईपास पर एक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक संदिग्ध आतंकवादी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह व्यक्ति विस्फोटक सामग्री रखने या लेने की कोशिश कर रहा था, तभी उसके हाथ में ही बम फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (बॉर्डर रेंज) सतिंदर सिंह ने बताया कि मृतक आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा से जुड़ा था।
प्रारंभिक जांच में इसे विस्फोटक सामग्री के गलत तरीके से इस्तेमाल का मामला माना गया था, लेकिन अब आतंकी साजिश की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की है। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 9:30 बजे धमाके की आवाज सुनी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और सेना ने जांच शुरू की, जिसमें मलबे और विस्फोटक सामग्री के अवशेष बरामद हुए।
यह घटना भारत-पाकिस्तान सीमा के पास होने के कारण संवेदनशील मानी जा रही है। पुलिस पुराने विस्फोटों से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है ताकि इस साजिश के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। स्थिति नियंत्रण में है, और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।







