नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर विजय सरकार को फटकार लगाई है। कोर्ट ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के दीपाथून पर आज शाम दोबारा दीप जलाने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान टिप्पणी करते हुए कहा कि न्याय की प्रक्रिया को दूषित करने की किसी भी व्यक्ति द्वारा की गई कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वे कितने भी ऊंचे पद पर क्यों न हो।
आगे यह भी कहा कि इस अदालत का आदेश बातचीत का कोई न्योता नहीं है; यह राज्य, उसके अधिकारियों और हर संस्था पर बाध्यकारी है।
कोर्ट ने मंदिर का प्रशासन अपने हाथों में लिया
साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को निलंबित कर दिया। साथ ही दो जजों की एक समिति के जरिए मंदिर का प्रशासन अपने हाथ में ले लिया है।
कोर्ट की यह कार्रवाई 20 नवंबर को उसके आदेश का पालन न करने की वजह से की गई है। इस आदेश में मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर स्थित ‘दीपाथून’ पिलर (पत्थर के खंभे) पर एक बार ‘दीपम’ (धार्मिक दीपक) जलाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, कोर्ट के निर्देशों के बावजूद, 24 नवंबर को दीपक नहीं जलाया गया।
कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने पाया कि 20 नवंबर के आदेश की जानबूझकर अवहेलना की गई है। जबकि, मदुरै के जिला कलेक्टर ने मद्रास हाई कोर्ट के सामने यह सुनिश्चित करने का वचन दिया था कि आदेश का पालन किया जाएगा।
हमारे आदेश का पालन नहीं किया जाता है, तो हम चुपचाप नहीं बैठ सकते- कोर्ट
कोर्ट ने विजय सरकार को फटकार लगाते हुए कहा, “अब समय आ गया है कि ऐसी स्थितियों से सख्ती से निपटा जाए, वरना इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है। अगर हमारे आदेश का पालन नहीं किया जाता है, तो हम चुपचाप नहीं बैठ सकते।”
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “न्याय की प्रक्रिया को दूषित करने की किसी भी व्यक्ति द्वारा की गई कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह कितना भी ऊंचे पद पर क्यों न हो। इस अदालत का आदेश बातचीत का कोई न्योता नहीं है; यह राज्य, उसके अधिकारियों और हर संस्था पर बाध्यकारी है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आदेश दिया है कि कल (28 नवंबर) को ‘दीपाथून’ पर धार्मिक दीपक जलाया जाए। साथ ही कोर्ट ने सभी भक्तों को इस दीपक जलाने के कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी है।
इसके अलावा, कोर्ट ने पहाड़ी की सुरक्षा के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को तैनात करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने यह भी कहा है कि दीपक को दरगाह से कम से कम 50 मीटर दूर जलाया जाए और पुलिस को दरगाह तथा उसके परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
संवैधानिक अराजकता की स्थिति में सरकार- कोर्ट
कोर्ट ने टिप्पणी की है कि तमिलनाडु सरकार संवैधानिक अराजकता की स्थिति में है। बेंच ने कहा कि वे मदुरै के जिला कलेक्टर के शुरुआती बर्ताव से हैरान हैं। कलेक्टर के पास व्यापक शक्तियां होने के बावजूद, उन्होंने कोर्ट के आदेश का पालन न करने की जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन पर मढ़ दी।
सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति और तबादलों को लेकर पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। 27 नवंबर को लिखे इस पत्र में उन्होंने न्यायपालिका में सामाजिक प्रतिनिधित्व, विविधता और समावेश के सिद्धांतों को लेकर चिंता जताई है। गवई ने कहा है कि हाल के घटनाक्रमों से ऐसा प्रतीत होता है कि नियुक्तियों और तबादलों में इन सिद्धांतों की अनदेखी की जा रही है।







