मदुरै. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी. पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मदुरै को ‘परिवर्तन’ का शहर बताया और कहा कि उनकी पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन बदलाव लाएगा और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को सत्ता से बेदखल करेगा.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-अन्नाद्रमुक मिलकर तमिलनाडु में राजग की सरकार बनाएंगे और लोग 2026 के चुनावों में द्रमुक को हराएंगे. शाह ने कहा कि द्रमुक सरकार 100 प्रतिशत विफल रही है. शाह ने कहा, “वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राजग सरकार बनाएगा.”
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा, हमारा ये कार्यकर्ता सम्मेलन डीएमके सरकार के पतन का कारण बनने वाला है. 2026 में तमिलनाडु में फिर से एक बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है. मैं रहता तो दिल्ली में हूं, लेकिन मेरे कान तमिलनाडु में लगे रहते हैं. यहां के मुख्यमंत्री जी कहते हैं कि अमित शाह, डीएमके को नहीं हरा सकते. स्टालिन साहब आप सही कहते है, मैं डीएमके को नहीं हरा सकता, लेकिन तमिलनाडु की जनता डीएमके को हरा सकती है.”
उन्होंने आगे कहा, “2025 में हमने दिल्ली में सफलतापूर्वक सरकार बनाई और 2026 में तमिलनाडु में हमारे नेतृत्व में नई सरकार बनेगी. उसी साल भाजपा और एनडीए पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु दोनों जगहों पर सरकार बनाने जा रहे हैं.”
शाह ने राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को संबोधित करने से पहले भाजपा की तमिलनाडु इकाई की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की. कोर कमेटी की बैठक का नेतृत्व करने से पहले उन्होंने मदुरै मीनाक्षी मंदिर में पूजा-अर्चना की. अप्रैल में तमिलनाडु की अपनी यात्रा के दौरान शाह ने अन्नाद्रमुक के साथ संबंधों को फिर से बहाल करने की घोषणा की थी.
अपने संबोधन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कानून-व्यवस्था को लेकर द्रमुक शासन पर निशाना साधा और पश्चिमी कोंगू क्षेत्र के गांवों में बुजुर्गों की लक्षित हत्याओं को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की अपील की और अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन को ‘उपयुक्त गठबंधन’ करार दिया. उन्होंने अमित शाह को ‘भारत का लौह पुरुष, दूसरा सरदार वल्लभभाई पटेल’ बताया.
भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि एकमात्र लक्ष्य राज्य में द्रमुक को सत्ता से हटाना है और उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया. मदुरै में अमित शाह ने मुख्यमंत्री स्टालिन को यह बताने की चुनौती दी कि क्या उन्होंने वर्ष 2021 में किये गए द्रमुक के चुनावी वादों को पूरा कर दिया है.







