नई दिल्ली। स्मार्टफोन आज हमारी जरूरत का एक महत्वपूर्ण साधन बन गया है। इसका इस्तेमाल केवल कॉलिंग और मैसेज के लिए ही नहीं किया जा सकता है, बल्कि यह आपकी कई जरूरतों को पूरा करता है। इसका इस्तेमाल ऑनलाइन पेमेंट, बैंकिंग, एजुकेशन, लर्निंग, सरकारी दस्तावेज और निजी तस्वीरें सहेजकर रखने के लिए भी किया जाता है। ऐसे में आपके स्मार्टफोन में आई एक दिक्कत भारी नुकसान पहुंचा सकती है। तेजी से फैल रहे डिजिटल वर्ल्ड में साइबर फ्रॉड की भी घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में स्मार्टफोन का अप-टू-डेट रहना बेहद जरूरी है।
अपडेट नहीं मिलने के नुकसान
स्मार्टफोन कंपनियां अपने डिवाइस में एक सीमित समय तक ही सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट जारी करती है। ऐसे में अगर, आपका फोन पुराना हो गया है और उसमें सिक्योरिटी और सॉफ्टवेयर अपडेट मिलना बंद हो गया है, तो आपके लिए टेंशन की बात हैं। पुराने एंड्रॉइड स्मार्टफोन या आईफोन में अगर सॉफ्टवेय और सिक्योरिटी अपडेट नहीं मिलेगा, तो हैकर्स के लिए डिवाइस में सेंध लगाना आसान हो जाएगा। यह आपके निजी तस्वीरों, फोटो, वीडियो समेत अपकी बैंकिंग डिटेल्स और अन्य सरकारी दस्तावेजों को एक्सेस कर सकते हैं।
कब तक मिलता है अपडेट?
जब भी कोई नया फोन लॉन्च होता है तो फोन बनाने वाली कंपनी उसमें 2 साल से 7 साल तक सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है। ऐसे में फोन खरीदते समय आपको ये चेक करना चाहिए कि कब तक फोन में अपडेट मिलेगा। उदाहरण के तौर पर Samsung Galaxy S25 को पिछले साल लॉन्च किया गया है। कंपनी इसमें 7 साल तक अपडेट देने का वादा करती है। ऐसें में इस फोन में आपको 2032 तक अपडेट मिलते रहेंगे। इसके बाद इस फोन को इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं रहेगा।
अपडेट कैसे करें चेक?
आप अगर एंड्रॉइड फोन यूजर हैं तो सेटिंग्स में जाकर आपको Software Update सर्च करना होगा। इसके बाद आपको लेटेस्ट अपडेट के लिए चेक करना होगा। अगर, आपके फोन के लिए कोई नया अपडेट उपलब्ध होगा तो यहां से आप डाउनलोड और इंस्टॉल कर सकते हैं। ध्यान रहे फोन को अपडेट करने से पहले उसके डेटा का बैकअप लेना न भूलें। डेटा बैकअप लेने के लिए आपको फोन की सेटिंग्स में जाकर बैकअप वाले ऑप्शन पर जाना होगा और डिवाइस का बैकअप लेना होगा।
आईफोन यूजर्स अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर General वाले ऑप्शन में जाएं और सॉफ्टवेयर अपडेट वाले ऑप्शन को सर्च करें। फोन का अपडेट उपलब्ध होने पर उसे डाउनलोड और इंस्टॉल करें। आईफोन यूजर्स भी फोन को अपडेट करने से पहले डेटा का बैकअप ले लें ताकि आपके फोन का डेटा सुरक्षित रह सके। फोन अपडेट करते समय सर्वर की दिक्कत आ सकती है। ऐसे में अगर अपडेट बीच में रूक जाए तो फोन का डेटा करप्ट हो सकता है। अगर, फोन पुराना हो गया है और अपडेट मिलना बंद हो गया है तो जल्द से जल्द अपने फोन को अपग्रेड कर लें यानी नया फोन खरीद लें।







