नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के तहत आने वाले कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, सरकार ने करीब 76 साल पुराने कर्मचारी राज्य बीमा (सामान्य) विनियम, 1950 नियम को बदल दिया है। इसके बदले जो नए नियम जारी किए गए हैं उसके मुताबिक अब पात्र बीमित कर्मचारियों को बीमारी और मातृत्व लाभ पाने के लिए अलग से क्लेम फाइल करने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे कर्मचारी को ESIC सीधे उनके बैंक खाते में लाभ की रकम भेज देगा। इसके अलावा रोजगार के दौरान चोट लगने पर मिलने वाले लाभ के लिए भी क्लेम की प्रक्रिया आसान बनाई गई है।
क्या हैं नए नियम?
नए कर्मचारी राज्य बीमा (सामान्य) विनियम, 2026 नियम के तहत बीमारी और मातृत्व लाभ के क्लेम को अपने आप (ऑटोमैटिक तरीके से) प्रोसेस करने की व्यवस्था दी गई है। इसके लिए किसी अलग आवेदन की जरूरत नहीं होगी। पात्र क्लेम को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए प्रोसेस किया जाएगा। इससे कागजी कार्रवाई कम होगी और नकद लाभ पाना आसान हो जाएगा। हालांकि, इस क्लेम के लिए तीन शर्तें अनिवार्य हैं। पहली शर्त है कि मेडिकल सर्टिफिकेट ESIC के सूचना तंत्र के जरिए जनरेट हुआ हो। वहीं, नियोक्ता अपने पोर्टल के माध्यम से जरूरी मासिक रिटर्न जमा करे। इसके अलावा, कर्मचारी के पास आधार से जुड़ा बैंक खाता हो, जिसमें उनका इंश्योरेंस नंबर भी आधार से लिंक हो।
सरकार ने ESIC की सदस्यता के लिए वेतन सीमा भी अधिसूचित की है। सामान्य कर्मचारियों के लिए यह सीमा 21,000 रुपये प्रति माह और दिव्यांग कर्मचारियों के लिए 25,000 रुपये प्रति माह है। हालांकि, कर्मचारियों और नियोक्ताओं के योगदान की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
चोट लगने पर क्लेम की प्रक्रिया आसान
नए नियम में रोजगार के दौरान चोट लगने की स्थिति में मिलने वाले लाभों के लिए प्रक्रिया आसान की गई है। अब ऐसी स्थिति में नियोक्ता की ओर से दी गई रिपोर्ट को ही संबंधित लाभों के लिए क्लेम माना जा सकेगा। इसका फायदा उन कर्मचारियों को मिलेगा जो काम के दौरान चोटिल हो जाते हैं और स्थायी या अस्थायी रूप से दिव्यांग हो जाते हैं।
नियोक्ता की रिपोर्ट के आधार पर कर्मचारी को स्थायी या अस्थायी दिव्यांगता लाभ मिलेगा। वहीं, कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रितों को लाभ मिलेगा। इस व्यवस्था के तहत कर्मचारी या उसके आश्रितों को इन लाभों के लिए अलग-अलग क्लेम दाखिल करने की जरूरत नहीं होगी।
ESIC के नए नियमों में योगदान की दरों और योगदान अवधि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। फिलहाल कर्मचारी को अपनी सकल सैलरी का 0.75 फीसदी योगदान देना होता है जबकि नियोक्ता की ओर से 3.25 फीसदी योगदान किया जाता है। योगदान की अवधि और उससे जुड़ी लाभ अवधि भी पहले की तरह ही रहेगी। वहीं, अब ESIC कर्मचारियों और नियोक्ताओं से जुड़ी कई प्रक्रियाएं ऑनलाइन पूरी की जा सकेंगी।







