नई दिल्ली। सोने के दाम पिछले कुछ महीनों में तेजी से बढ़ गए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसकी वजह बताई है। वित्त मंत्री सीतारमण ने बताया है कि दुनिया भर के सेंट्रल बैंक आक्रामक तरीके से गोल्ड इकट्ठा कर रहे हैं, सोने की कीमतों में तेजी आने की यह मुख्य वजह है। यह वैश्विक स्तर पर गोल्ड रिजर्व की रणनीति में आए बदलाव को भी दिखाता है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के सेंट्रल बोर्ड की सोमवार को हुई मीटिंग के बाद उन्होंने बताया,’गोल्ड के दाम इसलिए बढ़ रहे हैं, क्योंकि दुनिया भर के सेंट्रल बैंक बड़ी मात्रा में इसे खरीद रहे हैं।’ यह बात बिजनेसटुडे की एक रिपोर्ट में कही गई है।
दाम बढ़ने पर सरकार की बारीक नजर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आश्वस्त किया कि दाम बढ़ोतरी पर सरकार की बारीक नजर है। उन्होंने बताया कि सोना हमेशा से भारतीय घरों के लिए पसंदीदा निवेश रहा है। त्योहारी सीजन के दौरान सोने की मांग में परंपरागत रूप से सीजनल उछाल देखने को मिलता है, लेकिन इसने ‘निश्चित लिमिट’ को पार नहीं किया है। रिजर्व बैंक की भी इस पर नजर होगी।
इस बीच, घरेलू और वैश्विक दोनों मार्केट्स में सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली। अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और नए सिरे से टैरिफ का खतरा खड़ा होने की वजह से गोल्ड प्राइसेज में तेजी आई है। वैश्विक अनिश्चितता, करेंसी में जारी उतार-चढ़ाव और इक्विटी मार्केट की अस्थिर चाल की हेजिंग के लिए निवेशक सोने की तरफ रुख कर रहे हैं।
कुछ ऐसी रही सोने और चांदी की चाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर 24 कैरेट प्योरिटी वाला गोल्ड 1,60,049 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले बंद स्तर के मुकाबले इसमें 2.02 पर्सेंट का उछाल आया। दिन के कारोबार के दौरान गोल्ड फ्यूचर्स करीब 1.51 पर्सेंट के उछाल के साथ 1,59,239 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। वहीं, सिल्वर 4 पर्सेंट की तेजी के साथ 2,63,193 रुपये पर रहा। अगर ग्लोबल मार्केट की बात करें तो कॉमेक्स पर बुलियन प्राइसेज मजबूत रहे। गोल्ड 5157-5182 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।
पिछले 24 घंटे में गोल्ड प्राइसेज में करीब 2 पर्सेंट का उछाल आया। सिल्वर प्राइसेज में भी तेज उछाल देखने को मिला। फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण ने लोगों से देश की आर्थिक ग्रोथ में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘हर व्यक्ति को देश की ग्रोथ स्टोरी में हिस्सा लेना चाहिए।’ इस पोस्ट बजट मीटिंग में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और आरबीआई गवर्नर शामिल हुए।







