नई दिल्ली: गर्मियों में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना सबसे बड़ी जरूरत बन जाता है। ऐसे में दो ड्रिंक सबसे ज्यादा चर्चा में रहती हैं, नारियल पानी और गन्ने का जूस। एक तरफ नारियल पानी को सुपर ड्रिंक माना जाता है तो दूसरी ओर सस्ता और आसानी से मिलने वाला गन्ने का जूस लोगों की पहली पसंद बन जाता है। लेकिन सवाल यही है कि सेहत के लिहाज से गर्मियों में कौन सा ऑप्शन सबसे ज्यादा बेहतर होता है।
नारियल पानी
नारियल पानी इलेक्ट्रोलाइट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और मैंगनीज जैसे जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। खासतौर पर हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए यह फायदेमंद माना जाता है क्योंकि पोटेशियम शरीर से एक्स्ट्रा सोडियम को बाहर निकालने में मदद करता है। इसमें फैट नहीं होता और विटामिन सी की मौजूदगी इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में हेल्प करती है। हालांकि जिन लोगों को लो बीपी की समस्या रहती है उन्हें नारियल पानी का सेवन डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए।
गन्ने का जूस
गन्ने का जूस भी गर्मियों में लोग खूब पीते हैं। इसमें नेचुरल शुगर मौजूद होती है, जैसे ग्लूकोज और फ्रक्टोज बॉडी को इंस्टेंट एनर्जी देते हैं। इसके अलावा इसमें कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस और विटामिन ए, बी कॉम्पलेक्स और सी जैसे तत्व पाए जाते हैं। जिन लोगों को डायबिटीज नहीं है उनके लिए यह एनर्जी बूस्टर ड्रिंक की तरह काम कर सकता है। हालांकि सड़क किनारे मिलने वाले जूस की साफ सफाई का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
इलेक्ट्रोलाइट्स के मामले में क्या है बेहतर
पसीने के जरिए शरीर से इलेक्ट्रोलाइट्स निकल जाते हैं जिससे कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। नारियल पानी इलेक्ट्रोलाइट्स को बैलेंस करने में मदद करता है। वहीं गन्ने के जूस में मिनरल्स तो होते हैं लेकिन इलेक्ट्रोलाइट्स का स्तर नारियल पानी जितना प्रभावी नहीं होता है। हाइड्रेशन के लिहाज से नारियल पानी बेहतर माना जाता है।
शुगर और कैलोरी का फर्क
गन्ने के जूस में नेचुरल शुगर की मात्रा अधिक होती है जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। इसके कारण कैलोरी इंटेक भी ज्यादा हो जाता है। दूसरी तरफ नारियल पानी में शुगर कम मात्रा में होती है। जो लोग वजन कंट्रोल रखने में नारियल पानी बेहतर ऑप्शन माना जाता है।
डाइजेशन के लिए क्या है बेहतर
गन्ने का जूस कुछ लोगों को भारी महसूस करा सकता है क्योंकि इसमें शुगर ज्यादा होती है। वहीं नारियल पानी हल्का और जल्दी पचने वाला होता है। डिहाइड्रेशन, अपच या लू लगने जैसी स्थिति में नारियल पानी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।







