नई दिल्ली। बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 को देखने के लिए लोग बेताब हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। रिलीज से पहले ही मूवी ने करोड़ों रुपये का कारोबार कर लिया है। इस बीच फिल्म के मेकर्स ने सभी को खुश कर दिया है। ऐसी खबर सामने आई है कि धुरंधर 2 की रिलीज से धुरंधर फिर से धमाल मचाने वाली है। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर…
मेकर्स ने खेला बड़ा दांव
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है। फिल्म के मेकर्स जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज ने गुरुवार को घोषणा की कि धुरंधर दुनिया भर के थिएटर्स में 13 मार्च से फिर से रिलीज होगी। आदित्य धर की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज की रिलीज 19 मार्च से ठीक पहले यह री-रिलीज हो रही है। फिल्म दुनिया भर में लगभग 500 स्क्रीन्स पर आएगी, जिसमें भारत में 12 मार्च से 250 स्क्रीन्स और विदेशों में 13 मार्च से 250 स्क्रीन्स शामिल हैं।
उत्तरी अमेरिका में यह फिल्म करीब 185 स्क्रीन्स पर वापस आएगी। उत्साह बढ़ाने के लिए धुरंधर: द रिवेंज के स्पेशल वेडनेसडे प्रीमियर शोज अमेरिका और कनाडा में 18 मार्च को होंगे, जो ग्लोबल रिलीज से एक दिन पहले हैं। ये प्रीमियर ज्यादातर प्रीमियम लार्ज फॉर्मेट (PLF) स्क्रीन्स पर होंगे। आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह जासूस एक्शन थ्रिलर दो पार्ट्स वाली सीरीज का पहला हिस्सा है।
धुरंधर 2 ने मचाया धमाल
नॉर्थ अमेरिका में पहले वीकेंड में फिल्म धुरंधर 2 ने 2.8 मिलियन डॉलर की कमाई की है। प्रीमियर एडवांस सेल्स में ये फिल्म $8,74,490 कमा चुकी है, जिसमें 671 लोकेशन्स पर 1,589 शोज में टिकट बिके हैं। कनाडा में धुरंधर 2 ने रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पहले वीकेंड के लिए 40,000 टिकट बिक चुके हैं, जिनकी वैल्यू 4 करोड़ के आसपास है। बॉक्स ऑफिस एनालिस्ट जितिंदर सिंह के अनुसार, जल्द ही यह फिल्म कनाडा में 1 लाख टिकट बेचने वाली है।







