गाजियाबाद। तीन सप्ताह तक रोमांच, जुनून और उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति से सराबोर रही DSF ट्रॉफी 2025–26 अंडर-25 T-20 क्रिकेट लीग का रविवार 22 मार्च को भव्य समापन हो गया। स्वर्गीय चैत सिंह नेगी की स्मृति में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित मोहन स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला गया, जहां चम्पावत चैम्पियंस और टिहरी रॉकस्टार्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली।
रोमांचक मुकाबले में टिहरी रॉकस्टार्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को ट्रॉफी अजय सिंह बिष्ट के सानिध्य में सार्वभोमिक ट्रस्ट की टीम द्वारा प्रदान की गई। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने रिबन काटकर किया, जिसके बाद झंडारोहण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत आगाज हुआ।
इस आयोजन की सबसे खास झलक रही उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति—ढोल-दमाऊं की गूंज, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और रंगारंग नृत्य ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया। खिलाड़ी और अतिथि सभी इस सांस्कृतिक रंग में रंगे नजर आए। कार्यक्रम के दौरान DSF द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया गया और समाज व उत्तराखंड की पहचान को आगे बढ़ाने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
खास तौर पर पौड़ी की वर्षा रावत, जो दिल्ली में DTC बस चालक हैं, उन्हें मातृशक्ति के रूप में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही DSF चेरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से अपोलो की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। करीब तीन सप्ताह तक चले इस टूर्नामेंट में उत्तराखंड के आठ जिलों की आठ टीमों ने भाग लिया, जिनके लीग मुकाबले नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित CCS स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए।
आईपीएल की तर्ज पर टीमों को स्पॉन्सर्स मिलना, प्रोफेशनल अंपायरिंग, लाइव प्रसारण और बेहतरीन कमेंट्री ने इस लीग को एक नया आयाम दिया। अब सवाल यही है कि क्या DSF का यह प्रयास उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा पाएगा। फिलहाल, इस भव्य आयोजन ने एक मजबूत संदेश जरूर दिया है-मंच और अवसर मिले, तो प्रतिभा जरूर चमकती है।






