बागेश्वर। जिले में ऊर्जा निगम ने बकाया बिजली बिलों की वसूली को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। भुगतान न करने वाले कई सरकारी विभागों के कनेक्शन काट दिए गए हैं, जिससे कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह का 62 हजार रुपये बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया। इससे वहां ठहरे अतिथियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, खेल स्टेडियम की बिजली भी 65 हजार रुपये बकाया होने के कारण काट दी गई, जिससे खेल प्रेमियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग कार्यालय पर 80 हजार रुपये का बकाया होने पर बिजली काट दी गई है।
वहीं, पीएमजीएसवाइ कार्यालय का 32 हजार रुपये का बिल लंबित होने पर उसकी आपूर्ति भी बाधित कर दी गई है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मो. अफजल ने कहा ने कहा कि अन्य विभागों को भी जल्द भुगतान के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि समय पर बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
किस विभाग पर अब गिरेगी गाज
- पंचायती राज विभाग (106 पंचायत घर) आठ लाख
- नगर पालिका परिषद बागेश्वर पांच लाख
- वन विभाग 4.50 लाख
- ताम्र सेंटर उडेरखानी 90 हजार
- डाइट 60 हजार
- फायर ब्रिगेड 50 हजार
- वृद्धा आश्रम 58 हजार






