वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक छात्र से जाति पूछकर मारपीट का मामला सामने आया है। स्नातकोत्तर (एमए) हिंदी द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र की तहरीर पर वाराणसी पुलिस ने लंका थाना में समाजवादी छात्र सभा बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित छात्र ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि बुधवार की सुबह करीब 11:45 बजे वह अपने विभाग में क्लास करने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी छात्र नेता हिमांशु वहां आया और उससे उसका कोर्स और जाति पूछने लगा। आरोप है कि जाति बताने के बाद आरोपी ने उसे ‘मनुवादी’ कहते हुए जातिसूचक अपशब्द कहे और अचानक थप्पड़ मार दिया। शिकायतकर्ता ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
पीड़ित छात्र का कहना है कि यह पूरी घटना विभाग परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही। लंका थाना के इंस्पेक्टर राज कुमार शर्मा के अनुसार, तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीएचयू देश का प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान है, जहां देश भर से विद्यार्थी पढ़ने जाते हैं। अलग-अलग तरह की घटनाओं के कारण बीएचयू कैंपस लगातार सुर्खियों में बना रहता है। मामला राजनीतिक है या दोनों के बीच पहले का पुराना आपसी विवाद है, यह सब पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा। इस घटना से बीएचयू कैंपस में छात्र राजनीति गर्माने के आसार हैं, क्योंकि राज्य में विधानसभा चुनाव का माहौल बन रहा है। मुकदमा में सपा नेता को आरोपी बनाने के बाद दूसरे छात्र संगठनों के भी मामले में कूदने की तैयारियों की चर्चा है।







