जगदीश उप्रेती
इंदिरापुरम। इंदिरापुरम स्थित लिटिल्स संस्कार प्री स्कूल में बुधवार को पृथ्वी दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने छोटे-छोटे प्रयासों से पूरे विद्यालय को हरियाली से सजा दिया, जिससे वातावरण पूरी तरह प्रकृति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान नर्सरी कक्षा के बच्चों ने रंग-बिरंगी ड्राइंग और आकर्षक पोस्टर बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इन रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को प्रकृति के महत्व, संतुलन और संरक्षण की आवश्यकता के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से समझाया गया।
विधालय के शिक्षकों (जैसे-गीता रावत ,रागिनी राय, सुनीता रावत, डिंपल और पूनम नेगी) ने भी बच्चों को पेड़ों की देखभाल, नियमित रूप से पौधों को पानी देने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की प्रेरणा दी। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इन बातों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने अपने शिक्षकों के साथ मिलकर पृथ्वी को हरा-भरा और सुरक्षित बनाए रखने का वचन लिया। “छोटे कदम, बड़ा बदलाव” के प्रेरणादायक संदेश के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







