प्रकाश मेहरा
विशेष डेस्क
नई दिल्ली: राजनीतिक हलकों में हलचल मचाते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐलान किया है। पार्टी छोड़ने के तुरंत बाद उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की।
शुक्रवार को संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सांसद संवैधानिक प्रावधानों के तहत बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सात सांसदों ने विलय से जुड़े दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए हैं, जिन्हें राज्यसभा के सभापति को सौंपा गया है। इस घटनाक्रम पर AAP के संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने बिना नाम लिए सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी—“बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ धक्का किया।”
AAP की कड़ी प्रतिक्रिया
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस कदम को “गद्दारी” करार देते हुए कहा कि निजी मजबूरियों, डर और लालच के कारण पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को पंजाब की जनता कभी माफ़ नहीं करेगी।
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि हाल ही में AAP ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर की जिम्मेदारी राघव चड्ढा से लेकर अशोक मित्तल को सौंप दी थी। इसके बाद से ही पार्टी के भीतर असंतोष की खबरें सामने आ रही थीं। चड्ढा ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी भी जाहिर की थी और कई नेताओं के साथ सार्वजनिक बहस भी हुई थी।
पंजाब चुनाव से पहले बढ़ी सियासी अहमियत
पंजाब में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। 2022 के चुनावों में AAP ने 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि बीजेपी को केवल 2 सीटों पर जीत मिली थी और उसके कई उम्मीदवारों की जमानत तक ज़ब्त हो गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि “यह घटनाक्रम बीजेपी के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है। वरिष्ठ पत्रकारों के अनुसार, बीजेपी पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है और नहीं चाहती कि कांग्रेस वापसी करे।
क्या राज्यसभा सांसदों के जाने से फर्क पड़ेगा ?
विशेषज्ञों का कहना है कि राज्यसभा सांसद सीधे जनता द्वारा चुने हुए नेता नहीं होते, इसलिए उनका जनाधार सीमित होता है। हालांकि, उनकी सामाजिक और पेशेवर पहचान का असर जरूर होता है। उदाहरण के तौर पर क्रिकेटर Harbhajan Singh और उद्योगपति अशोक मित्तल जैसी शख्सियतें समाज में प्रभाव रखती हैं।
फिर भी, यह भी तर्क दिया जा रहा है कि इन नेताओं का पंजाब की जमीनी राजनीति में सीमित प्रभाव है। ऐसे में तत्काल बड़ा चुनावी लाभ मिलना मुश्किल है।
2014 के बाद बदलता राजनीतिक ट्रेंड
राजनीतिक विश्लेषक रशीद किदवई का कहना है कि 2014 के बाद भारतीय राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पहले नेता पार्टी छोड़कर नई पार्टी बनाते थे, लेकिन अब वे सीधे बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। इसका उदाहरण पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी , मुकुल रॉय और दिनेश त्रिवेदी जैसे नेताओं का TMC छोड़कर बीजेपी में जाना है। वहीं, पहले ममता बनर्जी ने कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाई थी—जो अब कम देखने को मिलता है।
बीजेपी को तीन स्तर पर फायदा
विशेषज्ञों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम से बीजेपी को तीन स्तर पर फायदा मिल सकता है। AAP की छवि पर असर – एक साथ कई नेताओं के जाने से पार्टी की स्थिरता पर सवाल उठते हैं। पंजाब में राजनीतिक स्पेस – AAP के कमजोर पड़ने से बीजेपी को नई जमीन मिल सकती है। वोट बैंक की रणनीति – पंजाब में सामाजिक समीकरणों (सिख बनाम गैर-सिख) के आधार पर बीजेपी हिंदू वोटरों को साधने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, यह भी स्पष्ट है कि अभी बीजेपी के पास ऐसा कोई चेहरा नहीं है जिसे पंजाब में मुख्यमंत्री पद के लिए प्रोजेक्ट किया जा सके।
राघव चड्ढा का राजनीतिक करियर
राघव चड्ढा का राजनीतिक करियर दिल्ली केंद्रित रहा है। वे राजेंद्र नगर से विधायक, दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष और AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं। हालांकि, उन्हें 2022 के पंजाब चुनाव से पहले पार्टी का सह-प्रभारी बनाया गया था और उनकी रणनीतिक भूमिका को AAP की जीत में महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके बावजूद, पंजाब में उनका व्यक्तिगत जनाधार सीमित ही माना जाता है।
राघव चड्ढा और अन्य राज्यसभा सांसदों का AAP छोड़कर बीजेपी में जाना राजनीतिक दृष्टि से एक बड़ा संकेत है। इससे तत्काल चुनावी समीकरण भले न बदलें, लेकिन AAP की छवि को झटका और बीजेपी को मनोवैज्ञानिक बढ़त जरूर मिल सकती है। आने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव इस घटनाक्रम के वास्तविक प्रभाव को स्पष्ट करेंगे—कि यह सिर्फ एक राजनीतिक हलचल थी या सत्ता संतुलन बदलने वाला मोड़।







