नई दिल्ली। हिंदू धर्म में हर पूर्णिमा तिथि का अपना अलग महत्व होता है, लेकिन वैशाख मास की पूर्णिमा को सबसे पुण्यदायी माना जाता है. पंचांग के अनुसार, साल 2026 में वैशाख पूर्णिमा का व्रत 1 मई को रखा जाएगा. यह दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास होता है, क्योंकि इसे भगवान विष्णु और चंद्र देव की कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर माना जाता है. वैशाख पूर्णिमा को धर्म, तप और दान का संगम कहा जाता है.
इस दिन गंगा स्नान, व्रत और दान करने से व्यक्ति के पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण हुआ था, इसलिए यह दिन बौद्ध धर्म में भी बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है. आइए जानते है इस पवित्र दिन किन- किन चीजों का दान करना शुभ माना जाता है.
अन्न और खाद्य सामग्री
गरीब और जरूरतमंदों को अनाज, चावल, दाल या भोजन कराना बहुत ही शुभ माना जाता है. इससे घर में कभी अन्न की कमी नहीं होती.
वस्त्र दान
गर्मियों के मौसम में हल्के और सूती कपड़े दान करना विशेष फल देता है. इससे व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
गुड़ और शक्कर
गुड़ और शक्कर का दान करने से मधुरता बढ़ती है और रिश्तों में मिठास बनी रहती है.
पंखा या छाता
तेज गर्मी से राहत देने के लिए पंखा या छाता दान करना बेहद शुभ माना जाता है. इससे व्यक्ति को जीवन में ठंडक और संतुलन मिलता है.
फल और पानी
फल और शीतल पेय पदार्थों का दान करने से शरीर और मन दोनों को शांति मिलती है और पुण्य की प्राप्ति होती है.
क्या करें इस दिन?
वैशाख पूर्णिमा के दिन सुबह जल्दी उठकर पवित्र नदी या घर में स्नान करना चाहिए. इसके बाद भगवान विष्णु और चंद्र देव की विधिपूर्वक पूजा करनी चाहिए. व्रत रखने के साथ-साथ जरूरतमंदों को दान अवश्य करें. शाम के समय चंद्रमा को अर्घ्य देने का भी विशेष महत्व होता है.
क्या न करें?
इस दिन किसी का अपमान करना, झूठ बोलना या क्रोध करना अशुभ माना जाता है. साथ ही तामसिक भोजन और नकारात्मक विचारों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए.
दान से कैसे बदलता है भाग्य?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैशाख पूर्णिमा पर सच्चे मन से किया गया दान व्यक्ति के कर्मों को शुद्ध करता है और भाग्य को मजबूत बनाता है. यह दिन आत्मिक शांति, पुण्य और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर होता है.







