नई दिल्ली। गर्मियों की तेज धूप और लू के बीच गन्ने का ठंडा जूस लोगों के लिए तुरंत राहत देने वाला ड्रिंक बन जाता है। सड़क किनारे मिलने वाला यह मीठा और ताजा जूस शरीर को ठंडक और एनर्जी देने के लिए खूब पसंद किया जाता है। कई लोग इसे डिहाइड्रेशन और थकान दूर करने के आसान उपाय के रूप में भी देखते हैं।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह दिखने में हेल्दी ड्रिंक कुछ छिपे जोखिम भी साथ ला सकता है? ज्यादा मात्रा में इसका सेवन या खराब साफ-सफाई वाले स्टॉल से लिया गया जूस आपकी सेहत पर असर डाल सकता है। इसलिए जरूरी है कि इसके फायदों के साथ-साथ इसके नुकसान और सावधानियों को भी समझा जाए, ताकि आप इसे सुरक्षित तरीके से अपनी डाइट में शामिल कर सकें।
एक्सपर्ट क्या कहते हैं?
Mukesh Nandal, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट , नारायण हॉस्पिटल (गुरुग्राम) के अनुसार, गन्ने का जूस शरीर को जल्दी एनर्जी और हाइड्रेशन देता है, लेकिन इसके कुछ छिपे जोखिम भी हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
नेचुरल शुगर भी बन सकती है समस्या: गन्ने का जूस नेचुरल शुगर से भरपूर होता है। जब गन्ने को जूस में बदला जाता है तो इसमें मौजूद फाइबर कम हो जाता है, जिससे शुगर जल्दी ब्लड में पहुंचती है।
- इससे ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है
- डायबिटीज के मरीजों के लिए यह जोखिम भरा हो सकता है
- ज्यादा सेवन से फैटी लिवर और मोटापे की समस्या बढ़ सकती है
किन लोगों को ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए?
डायबिटीज के मरीज, फैटी लिवर या मोटापे से परेशान लोग और जिनका ब्लड शुगर जल्दी बढ़ता है। ऐसे लोगों को गन्ने का जूस कम मात्रा में या डॉक्टर की सलाह से ही लेना चाहिए।
साफ-सफाई से जुड़ा छिपा खतरा: गन्ने के जूस से जुड़ा दूसरा बड़ा जोखिम है इसकी हाइजीन।
- जूस निकालने की मशीन अगर साफ ना हो
- गिलास ठीक से धुले ना हों
- बर्फ या पानी दूषित हो तो इससे टाइफाइड, हैजा और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
कैसे बचें इन जोखिमों से?
- हमेशा साफ और हाइजेनिक स्टॉल से ही जूस लें
- मशीन और गिलास की सफाई जरूर देखें
- बर्फ की क्वालिटी पर ध्यान दें
- ज्यादा मात्रा में सेवन ना करें
क्या गन्ने का जूस पूरी तरह से गलत है?
ऐसा नहीं है कि गन्ने का जूस पूरी तरह नुकसानदायक है। सही मात्रा और सही जगह से लिया गया जूस शरीर को हाइड्रेशन और तुरंत एनर्जी देने में मदद कर सकता है। लेकिन जरूरत है समझदारी से इसे पीने की।







