नई दिल्ली। हर महफिल में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो बहुत कम बोलते हैं। वे शोर मचाने या खुद को साबित करने की कोशिश नहीं करते, लेकिन फिर भी उनकी मौजूदगी लंबे समय तक लोगों के दिल और दिमाग में बनी रहती है। मनोविज्ञान भी मानता है कि शांत स्वभाव वाले लोग अकसर सबसे गहरा प्रभाव छोड़ते हैं, क्योंकि उनकी ताकत उनकी आवाज में नहीं, उनकी समझ और व्यवहार में छिपी होती है।
सामने वालों बखूबी समझते हैं
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, शांत लोग ज्यादा बोलने के बजाय ज्यादा सुनते हैं। वे बातचीत के दौरान सामने वाले की बातों के साथ ही उनके हावभाव, भावनाएं और माहौल को भी समझते हैं। यही कारण है कि जब वे कुछ कहते हैं, तो उनकी बात लोगों को ज्यादा असरदार और सोच-समझकर कही गई लगती है।
तुरंत नहीं करते रिएक्ट
आमतौर पर समाज में यह मान लिया जाता है कि जो व्यक्ति ज्यादा बोलता है वही आत्मविश्वासी होता है। लेकिन रिसर्च बताती है कि कई शांत लोग भीतर से बेहद गहरे विचार रखने वाले होते हैं। वे तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले चीजों को समझते हैं, सोचते हैं और फिर बोलते हैं। इस वजह से उनके शब्दों में वजन होता है।
अच्छे दोस्त होते हैं
शांत स्वभाव वाले लोग आमतौर पर दिखावे से दूर रहते हैं। वे हर जगह खुद को साबित करने की कोशिश नहीं करते, इसलिए उनके रिश्ते भी अधिक सच्चे और गहरे होते हैं। मनोविज्ञान कहता है कि ऐसे लोग कम दोस्त बनाते हैं, लेकिन जिनसे जुड़ते हैं, उनसे पूरी ईमानदारी और भरोसे के साथ रिश्ता निभाते हैं।
ऑब्जर्व करते हैं सबकुछ
ऐसे लोग अकसर बेहतरीन ऑब्जर्वर भी होते हैं। वे छोटी-छोटी बातों और भावनाओं को नोटिस कर लेते हैं, जिन्हें दूसरे लोग अनदेखा कर देते हैं। यही संवेदनशीलता उन्हें दूसरों के लिए भरोसेमंद और खास बनाती है। कई बार लोग अपनी निजी बातें भी शांत स्वभाव वाले लोगों से आसानी से साझा कर लेते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि ये लोग बिना जज किए उनकी बात सुनेंगे।
शांत रहना ज्यादा प्रभावशाली
मनोविज्ञान यह भी बताता है कि शांत रहना कमजोरी नहीं है। कई बार यह आत्मनियंत्रण, भावनात्मक समझ और गहरी सोच का संकेत होता है। जो लोग हर समय बोलने के बजाय सही समय पर सही बात कहना जानते हैं, वे अक्सर दूसरों पर ज्यादा स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं।
असल में, शांत लोग शोर से नहीं, अपने व्यवहार, संवेदनशीलता और गहराई से याद रखे जाते हैं। शायद यही वजह है कि कई बार सबसे कम बोलने वाला इंसान ही सबसे ज्यादा असर छोड़ जाता है।






