जगदीश उप्रेती
स्पेशल डेस्क
नई दिल्ली। तमिलनाडु के डीएमके नेता और विधायक उदयनिधि स्टालिन द्वारा दिए गए कथित सनातन विरोधी बयान को लेकर दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस संबंध में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश बघेल ने नई दिल्ली स्थित संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दिनेश बघेल ने आरोप लगाया कि उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की कथित भड़काऊ बयानबाजी पर रोक लगाई जा सके और सामाजिक शांति बनी रहे।
शिकायत में कहा गया है कि उदयनिधि स्टालिन का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने सनातन धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश बघेल का आरोप है कि इससे पहले भी उन्होंने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से की थी। वहीं हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा में दिए गए उनके भाषण को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है।
बताया गया कि विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि “सनातन धर्म लोगों को बांटता है और इसे जड़ से समाप्त कर देना चाहिए।” भाजपा नेताओं ने इस बयान को समाज में वैमनस्य फैलाने वाला बताते हुए कड़ी निंदा की है।
इस दौरान सुमित शुक्ला, अमित सिंह राठौर तथा कवि इंद्रेश द्विवेदी सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






