सतीश मुखिया
मथुरा : स्वच्छ भारत अभियान को लेकर नगर निगम मथुरा वृंदावन के नगर आयुक्त जग प्रवेश जी के नेतृत्व में मथुरा में 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान की शुरुआत की गई। नगर आयुक्त ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन नगरी मथुरा-वृन्दावन तथा सम्पूर्ण मथुरा जनपद को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मथुरा, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण तथा ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संयुक्त रूप से दिनांक 22 जून 2026 से 06 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता की प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य संदेश “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” रखा गया है।
इस संयुक्त महाअभियान के अंतर्गत जनपद मथुरा के विभिन्न क्षेत्रों में संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों के अनुसार स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करते हुए व्यापक स्तर पर सफाई, प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता संबंधी कार्यवाही कर रहा है।
महाअभियान के दृष्टिगत नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार आज औरंगाबाद जोन में श्रीमती कल्पना सिंह चौहान सहायक नगर आयुक्त के निर्देशन में दामोदरपुर से टाउनशिप तथा टाउनशिप से नवादा टैकमैन तक अवैध अस्थाई एवं स्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैक्टर एवं जेसीबी के माध्यम से अस्थाई अतिक्रमण जैसे ठेले, खोमचे, होर्डिग बैनर इत्यादि को जेसीबी एवं प्रवर्तन कर्मियों के माध्यम से हटवाकर ट्रैक्टर ट्राली में भरवाया गया एवं जब्त किया गया उक्त कार्यवाही के दौरान मौके पर ही 29 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम मथुरा-वृन्दावन ने समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस महाअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ ब्रज के निर्माण में अपना योगदान दें तथा “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं।







