बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा के साथ कथित अभद्रता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है. घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र के बोहिच गांव की बताई जा रही है.
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा पर पेशाब करता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि युवक ने खुद ही घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
मामले की जानकारी मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई. साथ ही, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी सत्यता की जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है.







