प्रकाश मेहरा
एक्जीक्यूटिव एडिटर
नई दिल्ली। इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने सोमवार (3 अगस्त) को कथित तौर पर भारत समेत कई देशों के कुछ यूज़र्स के अकाउंट्स को 24 घंटे के लिए समीक्षा (Review) के दायरे में रखा। इस दौरान प्रभावित यूज़र्स के लिए ऐप की अधिकांश सुविधाएँ अस्थायी रूप से बंद रहीं, जिससे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी चिंता और शिकायतें साझा कीं।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कई यूज़र्स ने दावा किया कि बिना किसी पूर्व सूचना के उनके व्हाट्सऐप अकाउंट को अचानक समीक्षा के लिए चिन्हित कर दिया गया। समीक्षा पूरी होने तक वे मैसेज भेजने, प्राप्त करने या ऐप की अन्य सेवाओं का उपयोग नहीं कर सके।
क्या दिखाई दिया नोटिफिकेशन ?
प्रभावित यूज़र्स को व्हाट्सऐप पर एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था “आपके अकाउंट की समीक्षा की जा रही है। अनुरोध की तारीख: 3 अगस्त 2026। यह सुनिश्चित करने के लिए कि आपका अकाउंट हमारी सेवा शर्तों का पालन करता है, आपकी अकाउंट गतिविधि और डिवाइस संबंधी जानकारी की जाँच की जा रही है। 24 घंटे के भीतर आपको इसका परिणाम बता दिया जाएगा।”
इस नोटिफिकेशन में व्हाट्सऐप का सुरक्षित एवं ज़िम्मेदारी से उपयोग करने, चोरी हुए फ़ोन तथा हैक या कम्प्रोमाइज़ अकाउंट्स से संबंधित सहायता लिंक भी दिए गए थे।
कब सामने आई समस्या ?
रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार रात लगभग 8 बजे (भारतीय समयानुसार) बड़ी संख्या में यूज़र्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर शिकायतें दर्ज करानी शुरू कीं। कई लोगों ने बताया कि उनका अकाउंट अचानक रिव्यू में चला गया, जिससे वे व्हाट्सऐप की सेवाओं का उपयोग नहीं कर पा रहे थे।
व्हाट्सऐप का क्या कहना है ?
पीटीआई के मुताबिक, व्हाट्सऐप के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने प्लेटफ़ॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई करती है और संदिग्ध गतिविधियों वाले अकाउंट्स पर प्रतिबंध भी लगाती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ मामलों में गलती की संभावना रहती है।
प्रवक्ता ने कहा कि यदि किसी यूज़र का अकाउंट गलती से प्रभावित होता है, तो कंपनी उसे जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में बहाल करने का प्रयास करती है, ताकि यूज़र दोबारा बिना किसी परेशानी के व्हाट्सऐप का उपयोग कर सकें।
हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस समीक्षा से कितने अकाउंट प्रभावित हुए और किन विशेष कारणों से इन अकाउंट्स को समीक्षा के लिए चिन्हित किया गया।
व्हाट्सऐप अकाउंट का रिव्यू कैसे होता है ?
व्हाट्सऐप के अनुसार, किसी अकाउंट की समीक्षा के दौरान उसकी गतिविधियों और उससे जुड़े डिवाइस की जानकारी की जाँच की जाती है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि संबंधित अकाउंट व्हाट्सऐप की सेवा शर्तों (Terms of Service) का पालन कर रहा है या नहीं।







