अयोध्या : राम मंदिर परिसर में पारदर्शी और सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ सुरक्षा तंत्र को भी और मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसी क्रम में शनिवार को एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) के कमांडो राम मंदिर परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. कमांडो ने मंदिर के प्रवेश द्वार सहित प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के साथ उनके सामानों की जांच व्यवस्था को भी देखा.
रामलला की सुरक्षा को लेकर परिसर में प्रवेश व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है. प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर श्रद्धालुओं और उनके सामान की जांच की प्रक्रिया को बढ़ाया गया है. सुरक्षा एजेंसियां परिसर के संवेदनशील स्थानों, आने-जाने के मार्गों और सुरक्षा इंतजामों का भी आकलन कर रही हैं.
सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में राम मंदिर परिसर की सुरक्षा को अभेद्य किले के तौर पर विकसित करने की दिशा में कई और कदम उठाए जा सकते हैं. इसके तहत नए वॉच टॉवर स्थापित करने के साथ आधुनिक सुरक्षा उपकरण और हथियारों से लैस सुरक्षा व्यवस्था विकसित किए जाने की तैयारी है. प्रदेश सरकार की ओर से भी अयोध्या की सुरक्षा को आधुनिक बनाने के लिए नए उपकरणों और एजेंसियों को शामिल करने की कवायद चल रही है.
इसी क्रम में अयोध्या में एनएसजी की मौजूदगी और भूमिका को भी विस्तार देने की तैयारी है. मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़े भू-भाग पर एनएसजी के प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना को प्रदेश सरकार से स्वीकृति मिलने की जानकारी है. इसके लिए जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.







