नई दिल्ली। बीजेपी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार (07 अक्टूबर) को AAP सरकार पर व्यापक भ्रष्टाचार में लिप्त होने और राज्य को ‘बर्बादी’ की ओर धकेलने का आरोप लगाया. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इसका ‘अंत निकट है’. ढिल्लों की यह टिप्पणी सीबीआई द्वारा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) और अन्य सीनियर अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने तथा मान के ‘कैंप ऑफिस’ सहित कई जगहों पर छापे मारने के एक दिन बाद आई.
ढिल्लों ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार का घड़ा अब पूरी तरह भर चुका है. जनता के पैसे की कथित लूट और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले अब सामने आ रहे हैं. पंजाब को लूटने वालों को राज्य की जनता को जवाब देना होगा.’’ एजेंसी ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ‘‘सीबीआई ने मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुम्मन, नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आर एस नागरा सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.’’
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने AAP सरकार का फूंका पुतला
मोहाली में भगवंत मान सरकार के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान ढिल्लों ने भ्रष्टाचार के प्रतीक स्वरूप एक घड़ा फोड़ा. प्रदर्शन के तहत बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बाद में आप सरकार का पुतला भी फूंका. ढिल्लों ने दावा किया कि आप सरकार खुद को ‘ईमानदार सरकार’ के रूप में पेश करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़े मामले एक-एक करके सामने आ रहे हैं.
पंजाब के लोग सही वक्त पर AAP को जवाब देंगे- केवल सिंह ढिल्लों
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के लोग इन तमाम घटनाक्रमों को ध्यान से देख रहे हैं और सही वक्त आने पर इसका जवाब देंगे. भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पंजाब पुलिस को कई बार पत्र लिखे जाने के बावजूद राज्य सरकार उचित जांच करने में विफल रही, जिससे मामला हाई कोर्ट तक पहुंच गया. उन्होंने आरोप लगाया कि हालांकि इन मामलों में कार्रवाई की जा रही है, लेकिन आप सरकार इन घटनाक्रमों से ‘बौखलाई’ हुई दिख रही है.







