नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 6 राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति का ऐलान किया, जिसमें तमिलनाडु और केरल में बदलाव भी शामिल है. केरल के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु का फुल टाइम चार्ज सौंपा गया है, जबकि सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर केरल का कार्यभार संभालेंगे.
राष्ट्रपति ने की नियुक्ति
राष्ट्रपति भवन से जारी एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, ब्रज मोहन राम को ओडिशा का, सुधा यादव को कर्नाटक का, ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. ये नियुक्तियां तब प्रभावी होंगी जब नियुक्त व्यक्ति अपने-अपने कार्यालयों का कार्यभार संभाल लेंगे.
अर्लेकर को तमिलनाडु का फुल टाइम चार्ज
आरएन रवि के पश्चिम बंगाल तबादले के बाद से राजेंद्र अर्लेकर मार्च से तमिलनाडु के राज्यपाल की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे. अब नया ऐलान उनकी नियुक्ति को औपचारिक रूप देती है. गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष, अर्लेकर हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल के तौर पर भी काम कर चुके हैं. माथुर केरल में अर्लेकर की जगह लेंगे. राजस्थान के वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यसभा के पूर्व सदस्य को जुलाई 2024 में सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था.
ओडिशा, कर्नाटक, सिक्कम और उत्तराखंड के लिए नए राज्यपाल
पलामू को रिप्रेजेंट करने वाले पूर्व लोकसभा सांसद ब्रज मोहन राम, हरि बाबू कंभमपति की जगह ओडिशा के राज्यपाल बनेंगे. कंभमपति ने जनवरी 2025 में पदभार संभाला था. महेंद्रगढ़ से भाजपा की पूर्व सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य सुधा यादव को थावरचंद गहलोत की जगह कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
वह वीएस रमादेवी के बाद राज्य की दूसरी महिला राज्यपाल होंगी, जिन्होंने 1999 से 2002 तक यह पद संभाला था. मध्य प्रदेश के बालाघाट से पूर्व लोकसभा सांसद ढाल सिंह बिसेन, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की जगह उत्तराखंड के राज्यपाल बनेंगे. भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम सिक्किम में माथुर की जगह लेंगे.







