नई दिल्ली। दशहरा भले ही चला गया, लेकिन सिनेमाघरों में फिल्मों का मेला अभी भी लगा हुआ है. कल 23 अक्टूबर को थिएटर्स में ढेरों फिल्में दस्तक देने जा रही है. फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर रजनीकांत की जेलर 2 और विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म रणबाली चल रही है. अब इस हफ्ते सिनेमाघरों में नई फिल्मों की लाइन लगने वाली हैं. कल 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में कौन-कौनसी फिल्में रिलीज होने जा रही है, चलिए डालते हैं एक नजर.
उड़ता तीर
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर एक्शन-कॉमेडी ड्रामा फिल्म उड़ता तीर कल रिलीज होने के लिए तैयार है. उड़ता तीर का ट्रेलर दर्शकों को पहले ही लुभा चुका है. अब देखना है कि फिल्म कितना हंसाती है. इस फिल्म की कहानी आकाश ए कौशिक ने लिखी है और उन्होंने ही डायरेक्ट भी किया है. फिल्म के निर्माता करण जौहर, अदार पूनावाला, गुनीत मोंगा, अपूर्वा मेहता और अचिन जैन हैं.
पहला प्यार दूसरी बार
लव रंजन और अंकुर गर्ग की फिल्म पहला प्यार दूसरी बार भी कल यानी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म से लव रंजन 6 नए चेहरे (अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद, सरगुन कौर लूथरा और तुषार छिब्बर) बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे हैं. फिल्म का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है. फिल्म की कहानी स्कूल-कॉलेज के दोस्तों, उनकी रीयूनियन और प्रेम कहानी पर बेस्ड है.
तू है मेरी किरण
रियल लाइफ कपल सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल स्टारर फिल्म तू है मेरी किरण एकतरफा प्यार पर बेस्ड कहानी है. फिल्म में जहीर एक खतरनाक जुनूनी आशिक के रोल में होंगे. फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा ‘किरण’ और जहीर ‘समर’ के रोल में होंगे. फिल्म का निर्देशन करण रावल ने किया है. फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होने के लिए तैयार है.
लिटिल थॉमस
गुलशन देवैया, रसिका दुगल और बाल कलाकार हृदांश पारेख स्टारर फिल्म लिटिल थॉमस भी 23 अक्टूबर को रिलीज होने के लिए तैयार है. फिल्म का निर्देशन कौशल ओझा ने किया है. फिल्म के निर्माता अनुराग कश्यप हैं. फिल्म 1990 के दशक के गोवा पर आधारित है.
तुम मेरे हो
टीवी से बॉलीवुड एक्टर बने गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय स्टारर फिल्म तुम मेरे हो का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है. यह एक हिंदी रोमांटिक ड्रामा-एक्शन फिल्म है. फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट मिला है. फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होने के लिए तैयार है. गुरमीत टीवी के स्टार हैं, तो वहीं ईशा को बिग बॉस 17 में बतौर कंटेस्टेंट देखा गया था.
दूसरा
अभिनय देव के निर्देशन में बनी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म दूसरा भी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. पलबिता बोर्ठाकुर और अंकुर विकाल स्टारर फिल्म की कहानी 2002 के नेटवेस्ट सीरीज फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत और एक युवा लड़की के संघर्ष पर बेस्ड है.







