नई दिल्ली। अखिलेश यादव के एक बयान की क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों को यूपी में सबसे बड़ा घुसपैठिया बताया है। इस बयान पर सियासत गरमा गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस तथाकथित बयान को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स समेत अन्य विपक्षी नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस बयान को लेकर अखिलेश यादव पर तगड़ा पलटवार किया है।
उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना अपमान
सीएम धामी ने अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को यूपी में घुसपैठियों करार देने के कथित बयान पर गहरी नाराजगी जताई है। धामी ने शनिवार को कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। इस पावन धरती ने देश को संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक व्यक्तित्व दिए हैं। अखिलेश यादव जी उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि के स्वाभिमान और हमारे संघर्ष का अपमान है।
मुलायम सिंह के कार्यकाल के गोलीकांड की दिलाई याद
सीएम धामी ने अखिलेश यादव को उनके पिता मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल की भी याद दिलाई। सीएम धामी ने कहा- उत्तराखंड के लोग यह भी नहीं भूले हैं कि जब अखिलेश यादव जी के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलियां चली थीं।
कांग्रेस पर भी निशाना, पूछा सवाल
सीएम धामी ने कहा कि अखिलेश यादव के पिता के शासनकाल में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर गोलियां चली थीं और आज उनके बेटे उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं। उत्तराखंड के लोग अपने संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते हैं। सीएम धामी ने कांग्रेस पर भी जोरदार निशाना साधा। सीएम धामी ने पूछा कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव जी के इस बयान का समर्थन करती है?
सीएम धामी ने पूछा कि क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है? कांग्रेस को देवभूमि की जनता को जवाब देना चाहिए। बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का सोशल मीडिया पर एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते दिख रहे हैं कि यूपी में सबसे बड़े घुसपैठिये तो उत्तराखंड के ही लोग हैं। सीएम धामी ने संबंधित बयान की वीडियो क्लिप भी शेयर की है। हालांकि लाइव हिंदुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।







