नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में SIR और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी नेताओं का जमावड़ा है. दावा है कि इस आयोजन में लाखों लोग पहुंच रहे हैं. उससे पहले शुक्रवार को मॉक पार्लियामेंट का आयोजन हुआ था. इस बीच भाजपा भी सड़कों पर उतरी है. भाजपा ने दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां की हैं. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन हरियाणा के रोहतक पहुंचे हैं. यहां आयोजन को संबोधित करते हुए उन्होंने इंदिरा गांधी पर गलत तरीके से चुनाव जीतने का आरोप लगाया. इससे पहले शनिवार को संबित पात्रा ने आरोप लगाया था कि पंडित नेहरू ने कांग्रेस नेताओं के वोट चुरा लिए थे और पटेल की जगह पीएम बन गए थे.
नितिन नवीन ने कहा कि आज संविधान की प्रति लेकर घूमते हो, लेकिन संविधान को तार-तार भी इसी कांग्रेस ने किया है. इंदिरा गांधी ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके गलत तरीके से चुनाव जीता, तब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को निरस्त करके उन्हें 6 साल के लिए चुनाव न लड़ने का आदेश दिया था. यह पूरी तरह से कांग्रेस की विरासत है, जो वोट चोरी भी करती है और जनता के मत का भी अपमान करती है. नितिन नवीन ने कहा कि 1 नवंबर 1984 को सिख भाइयों का कत्लेआम हुआ था. तब राहुल गांधी के पिताजी ने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती कांपती है.
धरती के कांपने से हमारे कितने सिख भाइयों का जीवन समाप्त हो गया, उसका पछतावा आपको होना चाहिए था, माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन आप तो प्रदर्शन करने निकले हैं. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने रोहतक में कहा- ये पदयात्रा देश के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है. लोग पूछते हैं कि दिल्ली से लेकर ज्यादातर राज्यों में आपकी सरकार है, तो लोकतंत्र बचाने की जरूरत क्यों पड़ी? जब ऐसा विपक्ष हो, जो जनादेश का अपमान करता हो, तब जनता के साथ सड़कों पर लोकतंत्र की आवाज बनकर उन्हें चुनौती देने का काम एनडीए का कार्यकर्ता करता है.
वहीं एक अन्य आयोजन में जेपी नड्डा ने कांग्रेस और विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया. नड्डा ने कहा कि त्योहारों का सीजन है. साल भर व्यापारी इंतजार करते हैं कि त्योहारों में दो पैसे कमाई होगी. लेकिन राहुल को इनकी परवाह नहीं है. CTI ने चार-चार बार उन्हें चिट्ठी लिखकर गुहार लगाई कि इतना बड़ा प्रदर्शन मत करिए लेकिन राहुल के तमाशे के कारण 10 हजार करोड़ का नुकसान होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कारण उनका धंधा बंद हो गया है. INDIA ब्लॉक के भाइयों से पूछना चाहता हूं कि क्या आप भी इस पाप में साझेदार है. क्या आप भाजपा से नफरत करते करते देश की जनता से भी नफरत करने लगे हैं.
नड्डा बोले- गांधी परिवार ने आज तक सिखों से माफी नहीं मांगी
जेपी नड्डा ने कहा कि आज के दिन कांग्रेस के गुंडों ने हमारे बेगुनाह सिपाहियों का कत्लेआम किया था. हजारों बहनें विधवा हो गईं थीं. गांधी परिवार ने आज तक सिख परिवार से दिल से माफी तक नहीं मांगी. राहुल ने सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है. जब उन शहीदों और पीड़ितों को याद करना चाहिए था, तब राहुल रामलीला मैदान में अपनी राजनीति चमका रहे हैं.







