नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इंडिया गठबंधन के आह्वान पर आयोजित रामलीला मैदान की रैली और मॉक पार्लियामेंट को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, ‘मैं राहुल गांधी जी से कहना चाहता हूं कि आपको अगर प्रधानमंत्री बनना है तो ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहिए. आपका नंबर नहीं लगने वाला है.’
अमित शाह रविवार को पंजाब के चंडीगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक रैली को संबोधित कर रहे थे.
पंजाब में NDA सरकार बनाने की बात दोहराई
अमित शाह ने पंजाब में NDA की सरकार बनाने की बात दोहराई. उन्होंने कहा, ‘पंजाब में चुनाव आने वाला है वहां पर भी NDA सरकार बनानी है. 1 नवंबर 1984 को सिख विरोधी दंगे हुए जिनमें हजारों सिखों को मार दिया गया. राजीव गांधी ने दंगों को लेकर कहा था कि बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है. ऐसा कांग्रेस के नेताओं के अलावा कोई कर नहीं सकता. हमने दंगा करने वालों के केस दोबारा खुलवाये और कांग्रेस के नेताओं को जेल में डाला. भारत ने ऐसे राज्य प्रेरित दंगे न कभी देखे थे और न कहीं देखेंगे.’
राहुल ने जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया: शाह
शाह ने कहा कि आज ही राजीव गांधी के पुत्र ने इन दंगों का जख्मों पर नमक छिड़कने के लिए दिल्ली महारैली रखी है. मोहब्बत की दुकान से सिर्फ नफरत ही निकलेगी. आज के दिन कार्यक्रम करने के लिए विदेश से इनकी पार्टी को आर्डर मिला है. आज की दिल्ली रैली से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है.
उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में पिछले तीन चुनाव में आपका अकॉउंट नहीं खुला है. मेरी बात लिख लीजिए आने वाले तीन सालों में आपका अकॉउंट नहीं खुलेगा. 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब और देश को ड्रग्स मुक्त बनाएंगे.
‘राहुल संसद नहींं चलने देते’
शाह ने कहा, ‘राहुल गांधी संसद नहीं चलने देते क्योंकि वे महिलाओं को आरक्षण नहीं दिलवाना चाहते. हम महिलाओं को आरक्षण दिलवाकर ही रहेगी. देश की जनता इन सब बातों को देख रही है. 2029 के चुनाव में सबका हिसाब हो जाएगा. कौन देश को सुरक्षित बना रहा है, कौन देश को आर्थिक रूप से समृद्ध बना रहा है. देश की जनता सब देख रही है. सबका हिसाब किताब देश की जनता 29 के चुनाव में कर देगी.’







