प्रकाश मेहरा
एक्जीक्यूटिव एडिटर
नई दिल्ली: दिवाली की आतिशबाजी का असर अब दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा पर साफ दिखाई देने लगा है। पटाखों के धुएं ने राजधानी की हवा को जहरीला बना दिया है। सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में धुंध और जहरीले स्मॉग की मोटी चादर छाई रही। प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंचने से लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 366 दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी के 15 निगरानी केंद्रों पर AQI 400 के पार पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।
दिल्ली की करोड़ों सांसों की सुरक्षा
प्रदूषण के मामले में सोनिया विहार सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां AQI 449 दर्ज किया गया। इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 445, विवेक विहार में 441, जहांगीरपुरी में 439 और नॉर्थ कैंपस में 437 AQI रिकॉर्ड किया गया।
घने स्मॉग के चलते सुबह के समय कई इलाकों में दृश्यता भी प्रभावित रही। दिवाली के बाद बिगड़े हालात ने एक बार फिर राजधानी की प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था और पटाखों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल अब सिर्फ प्रदूषण के आंकड़ों का नहीं, बल्कि दिल्ली की करोड़ों सांसों की सुरक्षा का है।







