विकाश शुक्ला
उमरिया, मध्य प्रदेश। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण के नियमों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निष्पक्षता को कठघरे में खड़ा कर दिया है। पनपथा बफर जोन में 9 नवंबर 2026 को पर्यटक वाहन के निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर प्रतिबंधित वनक्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप ने अब तूल पकड़ लिया है।
आरोप वाहन चालक सुयश केशरी पर है, जबकि इस दौरान गाइड निखिल सिंह की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि सुयश केशरी के एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के परिवार से जुड़े होने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में अब निगाहें पार्क प्रबंधन पर टिकी हैं कि वह कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगा या रसूख के सामने प्रशासनिक सख्ती कमजोर पड़ जाएगी।
ताला पर्यटन अधिकारी द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस क्रमांक 861 में वाहन चालक सुयश केशरी और गाइड निखिल सिंह से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। लेकिन सवाल यह है कि क्या संरक्षित वनक्षेत्र में नियमों के उल्लंघन के आरोप की गंभीरता महज एक नोटिस जारी करने तक सीमित रह जाएगी? आखिर प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन पहुंचा कैसे और निर्धारित मार्ग से हटने की अनुमति किसने दी ?

जीपीएस रिकॉर्ड खोलेगा सुयस और निखिल का राज
कहा जा रहा है कि यदि संबंधित वाहन की पूरी जीपीएस हिस्ट्री, निर्धारित रूट और वास्तविक आवाजाही का समय जांचा जाए तो डिजिटल रिकॉर्ड से स्पष्ट हो सकता है कि वाहन कब, कहां और किस परिस्थिति में निर्धारित मार्ग से हटा। वहीं जिम्मेदार भी व्यवस्था के कटघरे में हैं। भले ही वे महज नोटिस देकर जिम्मेदारी पूरी करने में जुटे हों, लेकिन भूमिका, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की निगरानी और प्रवेश-निकास संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच होनी चाहिए। नियम को सख्ती से पालन कराने का जिम्मा जिनके कंधों पर हैं, उन पर खाकी की आड़ में रसूख का मुंह ताक कर कार्यवाही करने का आरोप चर्चा में है।
रसूख नहीं नियमों के आधार पर हो कार्रवाई
यदि अब जांच करने और आरोप प्रमाणित होने का इंतजार है तो यह कहना मुनासिब होगा कि विभागीय लीपापोती की एक कोशिश मामले को तूल पकड़ने से रोकने की कवायद है, क्योंकि थमाए गए नोटिस में पर्यटन अधिकारी खुद कबूल रहे हैं, कि सहायक संचालक ताला के गस्ती/निरीक्षण के दौरान पर्यटन वाहन निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर पाया गया है।
तो क्या प्रभावशाली परिवार से जुड़ाव बनेगा कार्रवाई में बाधा
इस पूरे मामले में सबसे संवेदनशील पहलू सुयश केशरी के कथित हाई-प्रोफाइल पारिवारिक संबंधों को लेकर उठ रही चर्चाएं हैं। बताया जाता है कि वह मध्य प्रदेश में रिटायर हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आईसीपी केशरी के पुत्र हैं। पिता के कारण इन्हें वीआईपी ट्रीट मिलने की भी चर्चा है। ऐसे में जांच की पारदर्शिता और निष्पक्षता और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। कानून की नजर में हर व्यक्ति बराबर है। जंगल के नियम किसी की सामाजिक हैसियत, राजनीतिक पहुंच या प्रशासनिक संबंध देखकर नहीं बदल सकते।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व कोई निजी पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि बाघों सहित असंख्य वन्यजीवों का संरक्षित प्राकृतिक आवास है। यहां निर्धारित पर्यटन मार्ग और प्रतिबंधित क्षेत्रों के नियम वन्यजीवों की सुरक्षा तथा उनके प्राकृतिक रहवास को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। ऐसे में यदि कोई पर्यटक वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचा है, तो सख्ती से कार्यवाही विभाग की जिम्मेदारी है, ताकि घटना की पुनरावृत्ति न हो। और योग्य व जानकार चालकों को ही प्रवेश दिया जाए, ताकि वन्यजीवों पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़ सके।
नियम और रसूख के बीच फंसी प्रबंधन की कलम
अब गेंद पार्क प्रबंधन के पाले में है। नोटिस जारी करना कार्रवाई की शुरुआत हो सकती है, उसका अंत नहीं।पार्क प्रबंधन की असली परीक्षा तब होगी जब जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही होगी। अब पार्क प्रबंधन पर बिना किसी दबाव के निष्पक्ष नियमानुसार कार्रवाई करने की ओर नजरें टिकी हैं। क्योंकि कहीं यह मामला भी नोटिस, जवाब और फाइलों की औपचारिकता में उलझकर दबकर न रह जाए।







