नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘मुरासू’ और ‘अर्नब’ के असर से उबर रहे तटीय इलाकों के लिए एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली खबर है. आंध्र प्रदेश पर एक और चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है. हालांकि, यह तूफान तट से किस स्थान पर टकराएगा, इसकी स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है. मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं.
कैसे और कब शक्तिशाली होगा यह तूफान?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र फिलहाल उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. रविवार को इसी क्षेत्र में एक ‘डिप्रेशन’ में तब्दील होने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए सोमवार सुबह तक ‘गंभीर डिप्रेशन’ का रूप ले लेगा. सोमवार शाम तक दक्षिण-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक पूर्ण चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा.
बुधवार को गंभीर चक्रवात बनने की आशंका
कुछ मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि यह सिस्टम बुधवार तक और अधिक शक्तिशाली होकर एक ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ का रूप धारण कर सकता है. इसके बाद उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के तट को पार कर सकता है. इसके प्रभाव के चलते गुरुवार और शुक्रवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज़ आंधी चलने की प्रबल संभावना है.
मछुआरों को चेतावनी, प्रशासन अलर्ट
संभावित खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने मछुआरों को सख्त चेतावनी जारी की है कि वे अगले कुछ दिनों तक समुद्र में मछली पकड़ने के लिए न जाएं. साथ ही, गुरुवार और शुक्रवार को होने वाली संभावित भारी बारिश और तेज़ हवाओं को देखते हुए तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा के सभी आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी गई है.







