पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के पहले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। वहीं बिदुपुर में बने नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम से पहले निशांत कुमार के साथ सीएम के सुरक्षाकर्मियों की ओर से धक्का दिए जाने के मामले पर भी सियासत तेज हो गई है। हालांकि सीएम की सुरक्षा में लगे अधिकारियों ने घटना को मानवीय भूल बताया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर कल 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जनता को समर्पित किए जाने वाले ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की।
बिहार के विकास में एक नया अध्याय जुड़ेगा
सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि कल बिहार के विकास में एक नया अध्याय जुड़ेगा। समृद्ध बिहार के संकल्प को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का बिहार की पावन धरती पर हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आगमन प्रदेश की विकास यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रहा है। बिहार को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जिससे आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी, जनसुविधाओं का विस्तार होगा और रोजगार और समृद्धि के नए अवसर सृजित होंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, विकास के प्रति प्रतिबद्धता से समृद्ध, सशक्त और विकसित बिहार का संकल्प नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
निशांत को हटाना देना मानवीय भूल
इससे पहले सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और घटना को लेकर चर्चा तेज होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निशांत कुमार के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। सीएम का स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर पहुंचना राजनीतिक दृष्टिकोण के महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले सीएम की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल की ओर से इस मामले में सफाई दी गई। जांच के क्रम में पाया गया कि एसएसपी ग्रुप के सुरक्षाकर्मियों की ओर से सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्य किए जाने के क्रम में मानवीय भूल के कारण घटित हुई।







