प्रकाश मेहरा
एक्जीक्यूटिव एडिटर
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने डिजिटल सुरक्षा और संवेदनशील सूचनाओं की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए 87 मोबाइल ऐप्स के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने संबंधी एडवाइजरी जारी की है। इस सूची में सोशल मीडिया, मैसेजिंग, डेटिंग, ई-कॉमर्स, गेमिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और वेब ब्राउजिंग से जुड़े कई लोकप्रिय ऐप्स शामिल हैं। एडवाइजरी के तहत सेना के अधिकारियों और जवानों को इन ऐप्स का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
‘Banned Apps’ शीर्षक से जारी एडवाइजरी में फेसबुक, स्नैपचैट, ट्रूकॉलर और हाइक जैसे चर्चित ऐप्स के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा WeChat, QQ, Kik, ooVoo, Nimbuzz, Helo, Qzone, ShareChat, Viber, Line, IMO और ToTok जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर भी रोक लगाई गई है।
वीडियो और कंटेंट शेयरिंग प्लेटफॉर्म की श्रेणी में TikTok, Likee, Samosa, ShareIt, Xender और Zapya जैसे ऐप्स शामिल हैं। वहीं, UC Browser और UC Browser Mini को भी प्रतिबंधित सूची में रखा गया है। लाइव स्ट्रीमिंग और वीडियो से जुड़े ऐप्स में BigoLive, LiveMe, Zoom, Vmate, Uplive और Vigo Video के नाम शामिल हैं।
सेना की एडवाइजरी में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को लेकर भी सख्ती दिखाई गई है। इस श्रेणी में AliExpress, Club Factory, Gearbest, Banggood, DHgate, LightInTheBox, Shein, Romwe और Rosegal समेत कई ऐप्स शामिल हैं।
सोशल मीडिया और गेमिंग ऐप्स की सूची में Facebook, Snapchat, Baidu, Ello, PUBG, Clash of Kings और Mobile Legends जैसे नाम शामिल हैं। इसके साथ ही Tencent के गेमिंग ऐप्स पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। यूटिलिटी ऐप्स में CamScanner, BeautyPlus और Truecaller को सूची में रखा गया है।
इसके अतिरिक्त Tinder, Bumble, Hinge, OkCupid, Happn, Woo और TrulyMadly सहित कई डेटिंग ऐप्स के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है। Reddit, Tumblr, Yelp, NewsDog और Dailyhunt जैसे प्लेटफॉर्म के साथ 360 Security, Pratilipi, POPXO, Vokal और Hungama जैसे ऐप्स भी प्रतिबंधित सूची का हिस्सा हैं।
डिजिटल सुरक्षा पर सेना का सख्त रुख
भारतीय सेना के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल बेहद महत्वपूर्ण है। सैन्य अधिकारियों और जवानों के मोबाइल फोन में मौजूद सूचनाएं, संपर्क और डिजिटल गतिविधियां सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील हो सकती हैं। ऐसे में इस तरह की एडवाइजरी का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों से संभावित सुरक्षा जोखिमों को कम करना और संवेदनशील जानकारियों की गोपनीयता बनाए रखना है।
सेना की इस एडवाइजरी के बाद डिजिटल सुरक्षा और मोबाइल ऐप्स के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।







