हरिद्वार। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय सयुंक्त रूप से शनिवार को हरिद्वार के उत्तराखंड संस्कृत अकादमी सभागार में नव्या के दूसरे चरण ‘नव्या 2.0’ का शुभारंभ करेंगे।
नव्या 2.0 का उद्देश्य किशोरियों और युवतियों की आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करके, उनकी क्षमताओं को मजबूत बनाकर तथा उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वतंत्रता विकसित करने के अवसर उपलब्ध कराकर महिला नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाना है।
‘नव्या’ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की एक संयुक्त पहल है। इसके माध्यम से किशोरियों और युवतियों को सशक्त बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा कौशल विकास से जुड़े तंत्रों की क्षमताओं को एक साथ लाया गया है। यह पहल इस बात को मान्यता देती है कि सशक्तीकरण केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करना, आत्मविश्वास बढ़ाना, क्षमताओं का विकास करना और भविष्य के बारे में सोच-समझकर निर्णय लेने में सक्षम बनाना भी शामिल है।
पहल का प्रायोगिक चरण 24 जून, 2025 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में शुरू किया गया था
इस पहल का प्रायोगिक चरण 24 जून, 2025 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में शुरू किया गया था। इसके अंतर्गत 19 राज्यों के 27 आकांक्षी जिलों को शामिल करने की परिकल्पना की गई थी। लगभग 1,200 किशोरियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन, सोलर पीवी इंस्टॉलेशन सहायक और फैशन डिजाइनर जैसे रोजगारपरक कार्यों में प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल में डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, करियर के लिए तैयारी और उद्यमिता पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि किशोरियों का आत्मविश्वास बढ़े और वे सामाजिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
नव्या 2.0: सशक्तीकरण के दायरे का विस्तार
प्रायोगिक चरण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर नव्या 2.0 का विस्तार 24 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 100 जिलों तक किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस पहल के लिए पात्र आयु वर्ग को भी 16-18 वर्ष से बढ़ाकर 16-25 वर्ष कर दिया गया है, जिससे अधिक संख्या में किशोरियों और युवतियों को इसके दायरे में लाया जा सकेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के बीच समन्वय के माध्यम से नव्या 2.0 का उद्देश्य ऐसा अनुकूल इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें किशोरियां और युवतियां, विशेषकर आकांक्षी एवं वंचित क्षेत्रों की युवतियां, अपनी क्षमताओं को पहचान सकें, अपनी आकांक्षाओं को पूरा कर सकें और आर्थिक एवं सामाजिक विकास में सार्थक योगदान दे सकें।
नव्या 2.0 आकांक्षाओं को अवसरों में और अवसरों को सशक्तीकरण में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रत्येक युवती को अपना भविष्य संवारने और विकसित भारत के विजन में योगदान देने के लिए सक्षम बनाएगा।







