जयपुर। मालवीय नगर थाना इलाके में स्थित नंदपुरी अंडरपास में बस पानी में डूब गई। देखते ही देखते बस में पानी भर गया। यह देख बस में सवार लोग बस की छत पर चढ़ गए और मदद की गुहार करने लगे। यह देख आस-पास के लोगों ने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में चढ़े लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के मुताबिक मिनी बस 6ए खिरनी फाटक से जयपुर एयरपोर्ट तक चलती है। मंगलवार को बस खिरनी फाटक से जयपुर एयरपोर्ट जा रही थी। तभी सेक्टर-15 नंदपुरी अंडरपास में बस निकालते समय वह पानी में डूब गई। देखते ही देखते पूरी बस में पानी भर गया। यहां तक की सीट के उपर तक पानी आ गया जिससे उसमें बैठी चार सवारियां घबरा गई और किसी तरह वह बस की छत पर चढ़ गई और लोगों से मदद की गुहार लगाई। यह देख उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की टीम ने सवारियों को बाहर निकाला। बस को पानी से निकालने का प्रयास किया रहा हैं।
बाहर निकले तो सांस आई
बस में पानी भर जाने से उसमें बैठी सवारियों को जान सांसत में आ गई। किसी तरह वह बस की छत पर बैठ गई। नागरिक सुरक्षा जयपुर के उप नियंत्रक अमित शर्मा के नेतृत्व में सिविल डिफेंस की टीम के सदस्य महेन्द्र सिंह सेवदा, भीम सिंह सहित अन्य लोग पहुंचे और बस के उपर बैठी सवारियों को सकुशल उतार लिया। गौरतलब है कि बरसात की वजह से नंदपुरी अंडरपास में पानी भर जाता है। इसकी वजह से आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ड्रेनेज सिस्टम सही नही होने की वजह से आए दिन इस तरह की परेशानी होती है। नंदपुरी के पास रहने वाले योगेश का कहना था कि चार पांच दिन पहले भी एक महिला पानी में बहते बहते बची थी। इसी तरह आए दिन बाइक सवार लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता हैं।






