नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मुनिरका गांव स्थित मेट्रो गेट नंबर 3 पर शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन उत्तम नगर में होली के पावन पर्व और रमज़ान के पाक महीने के दौरान हुए एक विवाद में एक युवक की मौत के विरोध में किया गया।

बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत उस समय हुई जब एक बच्ची द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे के छींटों को लेकर दो पक्षों के बीच बहस हो गई थी। यह बहस बाद में गंभीर झड़प में बदल गई, जिसमें एक युवक की जान चली गई।

इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मुनिरका गांव में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कई कार्यकर्ता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे इस मामले में न्याय मिलने तक अपनी आवाज़ उठाते रहेंगे।







