जयपुर। बंगाल की खाड़ी व आस-पास के क्षेत्र पर बने परिसंचरण तंत्र के असर से प्रदेश के दक्षिणी व दक्षिणी-पश्चिमी हिस्से में बारिश का दौर जारी है। बाड़मेर जिले में पहली बरसात कहर बनकर बरसी। मंगलवार रात 2 बजे बाद शुरू हुई तूफानी बारिश से जिले में बिजली तंत्र को ध्वस्त कर दिया। वहीं बाड़मेर मुख्यालय पर चार घंटे में 2 इंच बारिश रेकार्ड की गई। इस बीच अचानक रात 2 बजे तूफानी बारिश शुरू हो गई। जो करीब बुधवार तड़के 4 बजे बाद तक चली। इस दौरान भयंकर रूप से बिजली के कड़कने से लोग भयभीत हो गए।
जिले के चार उपखंड में सबसे अधिक नुकसान हुआ। यहां पर 57 जीएसएस तूफानी बारिश से क्षतिग्रस्त होने से बंद हो गए। इससे करीब 700 से अधिक गांवों में अंधेरे में डूब गए। डिस्कॉम ने बुधवार शाम तक 600 गांवों में बिजली बहाल करने का दावा किया। इस बीच 100 से अधिक गांव अब भी अंधेरे में है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर और झालावाड़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश सज्जनगढ़ बांसवाड़ा में 109 मिमी जबकि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में 51.5 मिमी दर्ज की गई है। वहीं बुधवार सुबह आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक संगरिया मं 1.5 मिमी, चित्तौडगढ़़ में 1.0 मिमी, बूंदी में 29.0 मिमी, टोंक में 6.0 मिमी,बांसवाड़ा में 1.0 मिमी,धौलपुर में 6.5 मिमी, कोटा में 0.2 मिमी और वनस्थली में 2.0 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई।
आगे क्या
मौसम विभाग के गुरुवार 7 जुलाई से राज्य के उत्तरी भागों में भी बारिश का दौर शुरू होगा। 7,8,9 और 10 जुलाई के दौरान भरतपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग सहित अधिकतर स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की भी प्रबल संभावना है। वहीं 12 और 13 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बनने से राज्य में बारिश की गतिविधियां आगामी सप्ताह में भी जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को अजमेर, भीलवाड़ा और शुक्रवार को भीलवाड़ा, चित्तौडगढ़़, राजसमंद और उदयपुर में अति भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के अलावा बूंदी, बारां, झालावाड़, कोटा,टोंक, सिरोही,प्रतापगढ़, चित्तौडगढ़़ में बारिश होने की संभावना जताते हुए इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।






