नई दिल्ली। अगर आप बिहार से हैं और बाढ़ से परेशान हैं, तो यह खबर आपके काम की है. मंगलवार को बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में 7-7 हजार रुपये भेजे जाएंगे. सरकार की इस मदद का फायदा 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों को मिलेगा.
कुल 579.23 करोड़ रुपये की रकम DBT के जरिए सीधे इन परिवारों के खातों में पहुंचेगी. DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर. इसमें सरकारी मदद सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है, इसलिए बीच में किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं पड़ती.
बिहार में बाढ़ से करीब 49.36 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन समेत कई नदियों में पानी बढ़ने से 15 जिलों में बाढ़ का असर पड़ा है. अब ज्यादातर नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन कुछ नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.
8.27 लाख परिवारों को मिलेगी मदद
बाढ़ से प्रभावित हर परिवार को 7 हजार रुपये दिए जाएंगे. यह रकम सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचेगी. सरकार के मुताबिक, मंगलवार को 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के खातों में पैसा भेजा जाएगा. इसके लिए 579.23 करोड़ रुपये की राशि तय की गई है. बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों का सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है. कई इलाकों में लोगों के घरों तक पानी पहुंचा है. रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हुआ है. ऐसे में खाते में आने वाली यह रकम परिवारों के लिए कुछ राहत दे सकती है.
15 जिलों में बाढ़ का असर
बिहार के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. इनमें पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं. इन जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतों तक बाढ़ का पानी पहुंचा है. आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, करीब 49.36 लाख आबादी प्रभावित हुई है.
लगातार बारिश के कारण गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया था. बिहार में सितंबर में अब तक 108.8 मिलीमीटर बारिश हुई है. यह सामान्य से करीब 20 फीसदी ज्यादा है.
हालांकि, अब ज्यादातर नदियों का जलस्तर कम होने लगा है. इसके बावजूद कई इलाकों में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं. कुछ नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. फिलहाल, प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव का काम कर रहा है.






