नई दिल्ली: वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने देश भर में बड़ा अभियान चलाया है। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को कहा, ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पूरे भारत में वोट चोरी के खिलाफ एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान चला रही है। अब तक हमें 5.50 करोड़ हस्ताक्षर मिल चुके हैं।’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबूतों के साथ प्रदर्शन किया कि इन चुनावों में वोट चोरी कैसे हो रही है। राहुल ने भारत के गृह मंत्री को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे बहस करने की चुनौती दी थी। लेकिन गृह मंत्री ने उसका भी जवाब नहीं दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 14 दिसंबर को इस मुद्दे को उजागर करने के लिए एक बड़ी रैली कर रही है। हम भारत की राष्ट्रपति से इस ज्ञापन को सौंपने के लिए व्यक्तिगत मुलाकात की अपील कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि विपक्ष ने संसद में वंदे मातरम् और चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान सत्तापक्ष की धज्जियां उड़ा दीं। गृह मंत्री अमित शाह मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का पूरा तंत्र वोट चोरी में शामिल रहा है।
लोकसभा के कांग्रेस सदस्यों के साथ बैठक
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘हमने संसद में हुई वंदे मातरम् और मतादाता सूची के SIR पर चर्चा में उनकी धज्जियां उड़ा दी। अमित शाह सदन में मानसिक रूप से परेशान थे, बहुत दबाव में थे। उन्होंने सदन में गाली तक दे दी। इसके पीछे कारण है कि वह और उनका पूरा सिस्टम वोट चोरी में शामिल था।’ इससे पहले राहुल गांधी ने निचले सदन के कांग्रेस सदस्यों के साथ शुक्रवार को बैठक की, जिसमें उन्होंने वर्तमान शीतकालीन सत्र के दौरान वंदे मातरम् और चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान पार्टी सांसदों के प्रदर्शन की तारीफ की गई। उन्होंने कहा कि सरकार अब इन दोनों विषयों पर दबाव में है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।







