नई दिल्ली: सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर आज झण्डेवाला देवी मंदिर में भगवान शंकर का रूद्राभिषेक करने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर में ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठे। भक्तों ने गंगा स्नान कर भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, दूध, धतूरा और फल-फूल अर्पित किए।

ऊपर नये शिवालय में प्रात: से ही भक्त भारी संख्या मे शिवलिंग पर दूध व जल चढा रहे थे और यह क्रम सारा दिन चलता रहा। सावन मास के पहले सोमवार से अंतिम सोमवार तक प्रति दिन गुफा वाले शिवालय में पांच बार रुद्राभिषेक किया जा रहा है। चूंकि सोमवार को भगवान शंकर का दिन माना जाता है इसलिये सोमवार का सावन में विशेष महत्व है, भगवान शंकर भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

भक्त आज दिनभर मंदिर में जल चढाने आते रहे और ऊपर वाले शिवालय में जल चढाते रहे। भक्तों की सहायता व मार्गदर्शन के लिये मंदिर के सेवादार सारा दिन डटे रहे। भक्तों में निकासी द्वार पर खीर का प्रसाद बांटा गया।







