नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज 09 जून को CTET 2023 की एग्जाम डेट जारी कर दी है. केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा का 17वां संस्करण रविवार, 20 अगस्त, 2023 को आयोजित किया जाएगा. काफी समय बाद बड़ा बदलाव करते हुए सीबीएसई ने सीटेट की परीक्षा ऑफलाइन यानी पेन-पेपर (ओएमआर) आधारित मोड में आयोजित करने का फैसला लिया है. सीबीएसई ने सीटेट की आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in ऑफिशियल नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है.
सीबीएसई द्वारा जारी नोटिस में लिखा है, “केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के 17वें संस्करण के लिए पंजीकृत उम्मीदवारों को सूचित किया जाता है कि सीटेट परीक्षा अब ऑफलाइन मोड यानी पेन-पेपर (ओएमआर) में 20.08.2023 (रविवार) को पूरे भारत में निर्दिष्ट तरीके से आयोजित की जाएगी.” सीबीएसई सीटीईटी एग्जाम 20 अगस्त 2023 को दो शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा. पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी.
इससे पहले सीबीएसई ने सीटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा, पाठ्यक्रम, पात्रता मानदंड और अन्य भाषाओं के बारे में डिटेल नोटिफिकेशन जारी कर दिया था. “विस्तृत सूचना बुलेटिन जिसमें परीक्षा, पाठ्यक्रम, भाषा, योग्यता मानदंड और अन्य संबंधित जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर पहले से ही उपलब्ध है.
सीटेट एडमिट कार्ड 2023 परीक्षा उचित समय पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग इन क्रेडेंशियल्स दर्ज करके अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकेंगे. एडमिट कार्ड पर एग्जाम सिटी, एग्जाम सेंटर, रिपोर्टिंग टाइम, शिफ्ट, दिशानिर्देश आदि की जानकारी दी जाएगी.
बता दें कि CTET में दो पेपर होते हैं. पेपर I उन उम्मीदवारों के लिए है जो कक्षा 1 से 5 तक के लिए शिक्षक बनना चाहते हैं. वहीं पेपर II उन उम्मीदवारों के लिए होता है जो कक्षा 6 से 8 के लिए शिक्षक बनना चाहते हैं. परीक्षा में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे जिनके 4 विकल्प होंगे. परीक्षा में क्वालिफाई होने वाले उम्मीदवार शिक्षक पदों पर भर्ती पाने के लिए पात्र हो जाएंगे. CTET 2023 आवेदन प्रक्रिया 27 अप्रैल को शुरू हुई थी और ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 मई, 2023 थी. आवेदन सुधार विंडो 29 मई से 2 जून, 2023 तक खुली थी.







