नई दिल्ली। राजधानी में फिर प्रदूषण बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में हवा की रफ्तार धीमी पड़ने पर प्रदूषण में इजाफा होने लगा है। इसको देखते हुए हमने आज एक बैठक बुलाई है, जिसमें दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) और अन्य अधिकारी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस बैठक में दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को काबू करने की दिशा में चर्चा होगी और इसे रोकने के लिए उठाए जानेवाले संभावित कदमों पर भी बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजधानी में अभी ग्रेप 4 चरण को लागू करने की स्थिति नहीं बनेगी। हालांकि बैठक में इन सभी बिंदुओं पर समीक्षा की जाएगी।
दिल्ली का AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता शुक्रवार को भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही। कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 से अधिक दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह 8 बजे राजधानी का समग्र AQI 388 दर्ज किया गया।







